बंगाल में चुनाव आयोग का फिर बड़ा एक्शन, फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र सभी बूथों पर फिर से वोटिंग का किया ऐलान

इलेक्शन कमीशन ने बंगाल के फलता निर्वाचन क्षेत्र के सभी बूथों पर 21 मई को दोबारा मतदान की घोषणा की। वहीं इस मतदान की मतगणना 24 मई 2026 को होगी।

Date Updated Last Updated : 02 May 2026, 10:39 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: भारत के चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के फलता विधानसभा क्षेत्र में दोबारा वोटिंग का आदेश दिया है। शनिवार (02 मई 2026) को जारी निर्देश में आयोग ने कहा कि 29 अप्रैल को हुई वोटिंग के दौरान "गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने" की शिकायतें मिली थीं। इसी के बाद सभी पोलिंग बूथों पर नए सिरे से मतदान कराने का फैसला लिया गया।

सभी 285 बूथों पर रद्द हुई वोटिंग 

आपको बताते चलें कि चुनाव आयोग ने साफ किया कि फलता विधानसभा के सभी 285 पोलिंग स्टेशनों पर वोटिंग रद्द कर दी गई है। इसमें सहायक बूथ भी शामिल हैं। आयोग को बड़ी संख्या में पोलिंग स्टेशनों से अनियमितताओं की रिपोर्ट मिली थी। 

आधिकारिक बयान में कहा गया, “144-फलता विधानसभा क्षेत्र में 29 अप्रैल 2026 को वोटिंग के दौरान गंभीर चुनावी अपराधों पर विचार करने के बाद, ECI निर्देश देता है कि सभी 285 पोलिंग स्टेशनों पर दोबारा वोटिंग कराई जाए।” 

21 मई को वोटिंग, 24 मई को गिनती   

घोषित कार्यक्रम के मुताबिक फलता में दोबारा वोटिंग 21 मई 2026 को होगी। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके बाद वोटों की गिनती 24 मई को की जाएगी।

TMC नेता पर धमकी का आरोप  

यह फैसला दक्षिण 24 परगना जिले के इस इलाके में भारी विरोध प्रदर्शन के कुछ घंटों बाद आया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पंचायत प्रधान इसराफिल ने उन्हें धमकाया है। इसराफिल को TMC उम्मीदवार जहांगीर खान का करीबी बताया जा रहा है। 

ग्रामीणों का कहना है कि इसराफिल ने 4 मई 2026 को नतीजे आने के बाद हिंसा और आगजनी की धमकियां दीं। इसके बाद सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए। उन्होंने वोटों की गिनती के बाद सुरक्षा की मांग की और दोबारा वोटिंग कराने की अपील की।

हासिमनगर में सड़क जाम  

गौरतलब है कि प्रदर्शनकारियों ने हासिमनगर गांव में सड़क जाम कर दी। इनमें BJP के झंडे लिए महिलाएं भी शामिल थीं। हालात तनावपूर्ण होने पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों को बड़ी संख्या में तैनात किया गया। CRPF ने मौके पर पहुंचकर लोगों को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।

सम्बंधित खबर