नई दिल्ली: नई दिल्ली में मंगलवार (28 अप्रैल 2026) को DPS RK पुरम में एक नई क्रिकेट अकादमी का उद्घाटन हुआ। विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा और DDCA अध्यक्ष रोहन जेटली ने इस पहल की जमकर तारीफ की। दोनों का मानना है कि यह अकादमी देश को भविष्य के स्टार खिलाड़ी देगी।
इस उद्घाटन के मौके पर विराट कोहली ने छात्रों को खास मैसेज भी दिया। उन्होंने कहा, “मुझे स्कूलों में बोलने की आदत नहीं है। क्रिकेट की वजह से मैंने जल्दी स्कूल छोड़ दिया था। लेकिन मैं आपका दौर समझता हूं, क्योंकि मैं भी वहीं से गुजरा हूं।”
विराट कोहली (Virat Kohli) ने छात्रों से कहा कि स्कूल सीखने और बेहतर इंसान बनने की जगह है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने बचपन में ही क्रिकेट को करियर चुन लिया था। कोहली ने कहा, “मेरे लिए पढ़ाई दूसरे नंबर पर आ गई थी। क्रिकेट ही सबकुछ था। आज मैं जहां हूं, वो उसी समर्पण का नतीजा है।”
क्रिकेट के किंग विराट कोहली ने छात्रों से माहौल और शिक्षकों की इज्जत करने को कहा। उन्होंने बताया, “टीचर अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा आपको देते हैं। उन्हें वो सम्मान और ध्यान दें जिसके वो हकदार हैं। जेटली ने भी कोहली की बात को खास बताया। विराट ने बहुत जल्दी अपनी प्रतिभा पहचान ली और पूरी तरह उसी को दे दिया। आज वो वर्ल्ड क्रिकेट को लीड कर रहे हैं।”
आपको बताते चलें कि एएनआई से बात करते हुए कोच राजकुमार शर्मा ने DPS RK पुरम का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, “मैं बहुत खुश हूं। DPS ने हमें बेहतरीन बुनियादी ढांचा दिया। यह युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका है।”
उन्होंने इस दौरान आगे यह भी कहा कि यहां का माहौल और कड़ी मेहनत मिलकर नए कोहली तैयार कर सकती है। शर्मा ने कहा, “मुझे पूरा यकीन है कि हम देश के लिए विराट जैसे और भी खिलाड़ी बनाएंगे।” गौरतलब है कि विराट ने 8 साल की उम्र से वेस्ट दिल्ली क्रिकेट अकादमी में ट्रेनिंग ली थी।