15 साल की उम्र में IPL पर राज, क्या अब टीम इंडिया का दरवाजा खटखटाएंगे वैभव सूर्यवंशी

15 साल के वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतने के बाद अब टीम इंडिया के डेब्यू की दौड़ में हैं. BCCI सचिव ने बड़ा हिंट देते हुए कहा कि चयनकर्ता वैभव को जल्द ही सीनियर टीम में शामिल करने का फैसला कर सकते हैं.

Date Updated Last Updated : 02 June 2026, 02:36 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: x @Vaibhavsooryava

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट में एक नया सितारा उदय हो रहा है. मात्र 15 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में कमाल का प्रदर्शन किया है. अब सवाल ये उठ रहा है कि क्या जल्द ही उन्हें टीम इंडिया का नीला जर्सी पहनने का मौका मिल जाएगा? बीसीसीआई के एक बड़े अधिकारी के बयान ने इस चर्चा को और तेज कर दिया है.

वैभव का धमाकेदार IPL प्रदर्शन

आईपीएल के 19वें सीजन में वैभव सूर्यवंशी ने 16 मैचों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की. वे आईपीएल इतिहास में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए. अनुभवी गेंदबाजों के खिलाफ उनकी निडर और आक्रामक बल्लेबाजी ने पूरे क्रिकेट जगत को प्रभावित किया है. राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए इस युवा बल्लेबाज ने कई रिकॉर्ड तोड़े और हर मैच में सुर्खियां बटोरी.

BCCI सचिव का बड़ा हिंट

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने वैभव को लेकर बहुत सकारात्मक बयान दिया है. उन्होंने कहा कि सभी चयनकर्ता पूरे आईपीएल के दौरान खिलाड़ियों पर नजर रखे हुए थे और वैभव ने खुद को अलग साबित किया है. सैकिया ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में वैभव को भारतीय क्रिकेट का नया ‘वंडरकिड’ बताया. 

उन्होंने कहा कि आने वाले यूके दौरे के लिए होने वाली चयन समिति की बैठक में वैभव के भविष्य को लेकर जरूरी फैसला लिया जाएगा. उनका बयान टीम इंडिया में जल्द डेब्यू की मजबूत संभावना का संकेत दे रहा है.

टीम इंडिया में जल्द एंट्री की उम्मीद

देवजीत सैकिया ने आगे कहा, “वैभव कमाल का खिलाड़ी है. मुझे पूरा यकीन है कि वह जल्द ही दुनिया भर में धूम मचा देगा.” उन्होंने ये भी कहा कि वैभव जैसा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को सीनियर टीम में शामिल करने में ज्यादा समय नहीं लगेगा. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैभव अपना फॉर्म बरकरार रखते हैं तो उन्हें टी-20 या वनडे टीम में डेब्यू का मौका मिल सकता है.

वैभव सूर्यवंशी का उदय भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए अच्छा संकेत है. अगर BCCI समय रहते उन्हें सही मौका देती है तो यह युवा प्रतिभा देश के लिए बड़े मैच जिताने वाला सितारा साबित हो सकता है.

सम्बंधित खबर