नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरकार हार का सिलसिला तोड़ दिया और 01 मई को सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए IPL 2026 के मुकाबले में DC ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हरा दिया। राजस्थान ने पहले खेलते हुए 225/6 का बड़ा स्कोर बनाया था। जवाब में दिल्ली की टीम ने 5 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
आपको बताते चलें कि इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग की 90 रन की शानदार पारी बेकार गई। दिल्ली के लिए केएल राहुल ने 40 गेंदों में 75 रन ठोके। वहीं पथुम निसांका ने 33 गेंदों पर 62 रन की तेज पारी खेली। दोनों की बल्लेबाजी के दम पर DC ने 226 रन का मुश्किल टारगेट आसानी से चेज कर लिया।
दरअसल इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी RR की शुरुआत नाटकीय रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने पहली ही गेंद पर छक्का मारा, लेकिन दो गेंद बाद मिचेल स्टार्क ने उन्हें आउट कर दिया। दूसरे ओवर में काइल जैमीसन ने वैभव सूर्यवंशी को चलता किया। 12 रन पर 2 विकेट गिरने से रॉयल्स दबाव में आ गई।
इसके बाद रियान पराग और ध्रुव जुरेल ने 102 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। जुरेल ने 30 गेंदों में 42 रन बनाए। पराग ने आक्रामक खेल दिखाया और 32 गेंदों में सीजन का पहला अर्धशतक पूरा किया। जुरेल के आउट होने के बाद रवींद्र जडेजा आए। पारी के 17वें ओवर में स्टार्क ने जडेजा और पराग दोनों को आउट कर दिल्ली की वापसी कराई।
कप्तान रियान पराग ने 90 रन में 8 चौके और 5 छक्के लगाए। आखिर में डोनोवन फरेरा ने तूफान मचा दिया। उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों में 47 रन ठोक दिए। कुलदीप यादव के ओवर में 3 छक्के और स्टार्क के एक ओवर में 17 रन बटोरे। आखिरी ओवरों में 18 रन बनाकर RR को 225 तक पहुंचा दिया।
गौरतलब है कि DC के लिए मिचेल स्टार्क सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 विकेट लिए। जैमीसन, अक्षर पटेल और टी नटराजन को 1-1 विकेट मिला। नटराजन ने 20वें ओवर में शुभम दुबे को आउट किया, पर फरेरा को रोक नहीं पाए। वहीं 226 रन का पीछा करना आसान नहीं था, लेकिन राहुल और निसांका ने इसे आसान बना दिया। इस जीत से दिल्ली को सीजन की चौथी जीत मिली और टीम का मनोबल बढ़ा।