नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्र में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में अच्छी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है. इसी को लेकर मौसम विभाग ने 4 और 5 अगस्त के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है.
बता दें, मंगलवार को दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान भी बादलों का डेरा बना रहेगा और दोपहर से शाम के बीच कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है. इसके अलावा रात के समय भी हल्की से मध्यम बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है.
आईएमडी के अनुसार, बुधवार 5 अगस्त को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। सुबह से दोपहर के बीच अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. वहीं, रात के समय भी कई क्षेत्रों में हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं. 6 अगस्त को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. विभाग के मुताबिक, इस दिन भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और रात के समय भी मौसम नम बना रहेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से गुरुवार तक बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत अधिक रहेंगी. इसके बाद वर्षा की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन 10 अगस्त तक रुक-रुक कर हल्की बारिश या बौछारों का दौर जारी रहने की संभावना बनी हुई है. तापमान की बात करें तो इस सप्ताह अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है. 5, 7 और 10 अगस्त को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि 8 और 9 अगस्त को इसके 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, हालांकि जलभराव और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याओं का सामना भी करना पड़ सकता है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.