नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टीम स्क्वॉड में एक बड़ा और अचानक बदलाव किया है. सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच शनिवार, 20 जून को खेला जाना है. इस मुकाबले से ठीक पहले बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति ने तेज गेंदबाज हर्षित राणा को भारतीय टीम में शामिल कर लिया है. बोर्ड ने इस फैसले का आधिकारिक ऐलान करते हुए क्रिकेट फैंस को एक बड़ी खुशखबरी दी है. बता दें कि भारतीय टीम शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त पहले ही बना चुकी है.
बीसीसीआई द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस रिलीज के मुताबिक, तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैबिलिटेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. उन्हें मेडिकल टीम से पूरी तरह फिट होने का प्रमाण पत्र मिल चुका है, जिसके बाद वे चेन्नई में भारतीय वनडे टीम के साथ जुड़ गए हैं.
24 वर्षीय हर्षित राणा इस साल फरवरी महीने में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 विश्व कप के अभ्यास मैच के दौरान चोटिल हो गए थे. उनके दाएं घुटने में लिगामेंट स्ट्रेन हुआ था, जो इतना गंभीर था कि उन्हें सर्जरी करानी पड़ी. इस बड़ी चोट के कारण राणा टी20 विश्व कप 2026 और आईपीएल 2026 दोनों ही बड़े टूर्नामेंट्स से पूरी तरह बाहर रहे थे. ऐसे में उनकी टीम में वापसी मुख्य तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के साथ भारतीय पेस अटैक को और अधिक मजबूती देगी.
शुभमन गिल और ईशान किशन का चल रहा है जादू इस सीरीज में नियमित कप्तान रोहित शर्मा की मौजूदगी के बावजूद कप्तानी संभाल रहे शुभमन गिल का बल्ला जमकर बोल रहा है. शुरुआती दो मैचों में गिल ने सबसे ज्यादा 238 रन बनाए हैं. जिसमें पिछले मैच में नंबर-3 पर खेलते हुए खेली गई 154 रनों की धमाकेदार पारी शामिल है. गिल ने रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल को ओपनिंग का मौका दिया था, लेकिन यह खब्बू बल्लेबाज फ्लॉप रहा. इसके बाद नंबर-4 पर आए विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने 125 रनों की शतकीय पारी खेलकर कप्तान का बखूबी साथ निभाया था.
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे, यशस्वी जायसवाल और हर्षित राणा