नई दिल्ली: उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. पिछले दो दिनों से कई राज्यों में हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. मौसम का यह बदला हुआ मिजाज अगले दो दिनों तक जारी रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान समेत कई राज्यों में 30 और 31 मई तक आंधी, बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. वहीं पर्वतीय राज्यों और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी वर्षा की गतिविधियां जारी रहने के संकेत हैं.
राजधानी दिल्ली में हालिया बारिश के बाद तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने 30 मई को हल्की बारिश, बादलों की गड़गड़ाहट और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है.
इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में हल्की बारिश और आंधी आने की संभावना बनी हुई है.
राजस्थान में मौसम विभाग ने तेज आंधी को लेकर चेतावनी जारी की है. राज्य के कई इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है और तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
हिमाचल प्रदेश में भी 30 मई को बारिश होने का अनुमान है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश, नोएडा और गाजियाबाद समेत कई इलाकों में 30 मई को हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
उत्तर प्रदेश में 30 और 31 मई को हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है. राज्य के कई हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 1 और 2 जून को हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना भी व्यक्त की गई है.
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 31 मई और 1 जून को भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है. वहीं महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 2 जून को बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार गोवा और कोंकण क्षेत्र में 31 मई से 4 जून तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मध्य महाराष्ट्र में 30 मई से 3 जून तक और मराठवाड़ा क्षेत्र में 31 मई से 3 जून तक वर्षा की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है.
इसके अलावा गुजरात में 30 मई से 4 जून तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है.