Lock Upp 2 में आकांक्षा चमोला का बड़ा खुलासा, बोलीं- 'अब मुझे किसी से रिश्ता नहीं चाहिए'

'लॉकअप 2' में आकांक्षा चमोला ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक और बड़ा खुलासा किया है. शादी, रिश्तों और अपनी बदलती सोच पर दिए गए उनके बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है, जिससे शो एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है.

Date Updated Last Updated : 14 July 2026, 11:02 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: Instagram/@akankshagkhanna

नई दिल्ली: रियलिटी शो 'लॉकअप 2' इन दिनों सिर्फ टास्क और विवादों की वजह से नहीं, बल्कि कंटेस्टेंट्स के निजी जीवन से जुड़े बड़े खुलासों के कारण भी लगातार चर्चा में बना हुआ है. शो की शुरुआत में अभिनेत्री आकांक्षा चमोला ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर कई चौंकाने वाली बातें साझा की थीं. अब नए एपिसोड में उन्होंने कहा कि वो एसेक्सुअल बन गई हैं। इसका मतलब होता है कि उनकी शारीरिक संबंध बनाने में अब कोई रूचि नहीं है।. उनके ताजा बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

शो के हालिया एपिसोड में आकांक्षा चमोला की बातचीत कंटेस्टेंट वरुण यादव के साथ हुई. इस दौरान उन्होंने कहा कि अब उनके मन में शादी को लेकर पहले जैसी भावना नहीं रही. उन्होंने स्वीकार किया कि अपने निजी अनुभवों की वजह से उनके अंदर शादी को लेकर डर बैठ गया है और फिलहाल वह दोबारा विवाह करने के बारे में सोच भी नहीं सकतीं. आकांक्षा ने कहा कि रिश्तों से जुड़े अनुभवों ने उनकी सोच को काफी प्रभावित किया है और अब वह अपनी जिंदगी को अलग नजरिए से देख रही हैं. उनका कहना था कि इस समय वह खुद को पहले से ज्यादा समझने की कोशिश कर रही हैं.

अपनी सेक्सुअलिटी को लेकर कही नई बात

बातचीत के दौरान जब वरुण यादव ने उनकी सेक्सुअलिटी को लेकर सवाल किया, तब आकांक्षा ने खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि इंसान की सेक्सुअलिटी और पसंद समय के साथ बदलती रहती हैं. उनके अनुसार, इस समय उनकी जिंदगी ऐसे दौर से गुजर रही है, जहां उन्हें किसी भी तरह के शारीरिक रिश्ते की इच्छा महसूस नहीं होती. उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपनी मानसिक शांति और निजी जिंदगी को संभालने पर है. इसी वजह से वह किसी भी रिश्ते में आगे बढ़ने के बारे में नहीं सोच रही हैं. उनके इस बयान ने शो के दर्शकों के बीच नई चर्चा शुरू कर दी है.

पहले भी कर चुकी हैं निजी जिंदगी से जुड़े खुलासे

यह पहला मौका नहीं है जब आकांक्षा ने अपनी निजी जिंदगी के बारे में खुलकर बात की हो. इससे पहले भी उन्होंने शो में बताया था कि वह मां बनने की इच्छा नहीं रखतीं. उनके अनुसार, यह उनका व्यक्तिगत फैसला है और वह अपने जीवन को अपने तरीके से जीना चाहती हैं. उन्होंने यह भी कहा था कि उनके पूर्व पति गौरव खन्ना की इच्छा पिता बनने की थी, लेकिन इस विषय पर दोनों की सोच अलग-अलग थी. इसी कारण उनके रिश्ते में कई मतभेद भी रहे.

महिलाओं की ओर आकर्षण को लेकर भी रखी थी अपनी बात

शो के पिछले एपिसोड में आकांक्षा ने यह भी स्वीकार किया था कि शादी से पहले उनके कुछ संबंध महिलाओं के साथ रहे थे. उन्होंने बताया था कि 'मुझे लड़कियां पसंद हैं. मैं उन्हें एडमायर करती हूं, मैं उनकी तरफ अट्रैक्ट होती हूं, मुझे लगता है कि वो मेरा सेफ स्पेस है.' आकांक्षा के मुताबिक, बचपन से ही उन्हें महिलाओं के साथ एक अलग तरह का अपनापन महसूस होता था. उन्होंने कहा कि समाज में अक्सर महिलाओं के बीच प्रतिस्पर्धा की बातें की जाती हैं, लेकिन उनके अनुभव इससे बिल्कुल अलग रहे हैं. उनके अनुसार, हर महिला अपने आप में खूबसूरत होती है और उन्हें महिलाओं की सकारात्मक ऊर्जा हमेशा पसंद आई है.

तलाक को लेकर भी किया था दावा

शो के शुरुआती एपिसोड में आकांक्षा चमोला ने यह दावा भी किया था कि वह और उनके पति गौरव खन्ना पिछले करीब एक साल से अलग रह रहे हैं और दोनों का रिश्ता अब तलाक की ओर बढ़ चुका है. उन्होंने कहा था कि सार्वजनिक मंचों पर दोनों एक-दूसरे का सम्मान करते हैं, लेकिन निजी जीवन में उनके रास्ते अलग हो चुके हैं. हालांकि, बाद में गौरव खन्ना भी शो में नजर आए और दोनों के बीच बातचीत हुई. इसके बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं. 

सम्बंधित खबर