झारखंड में आकाशीय बिजली का कहर, अलग-अलग जिलों में 14 लोगों की मौत, 8 घायल

झारखंड में मौसम के कहर से कई जिंदगियां चली गई हैं. कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल बताए जा हैं.

Date Updated Last Updated : 05 August 2026, 11:13 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: AI Generated

रांची: झारखंड के कई जिलों में मंगलवार को मौसम ने कहर बरपाया. पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं. सबसे ज्यादा मौतें गिरिडीह में हुई हैं. इसके अलावा दुमका और लातेहार में भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से लोगों की जान गई.

गिरिडीह में सबसे ज्यादा मौतें

पुलिस के अनुसार, गिरिडीह जिले में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में कुल 9 लोगों की मौत हुई. खोरिमाहुआ अनुमंडल के तीन थाना क्षेत्रों में कई हादसे सामने आए.

देवरी थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा पांच लोगों की जान गई, जबकि तीन लोग घायल हुए. वहीं गावां और नौडीहा थाना क्षेत्रों में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हुई. हादसों के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.

दुमका में बच्चे समेत चार घायल

दुमका जिले में रामगढ़ और हंसडीहा थाना क्षेत्रों में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाएं हुई. इन हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत चार लोग घायल हुए हैं. घायलों को स्थानीय अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया है. प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है.

लातेहार में भी दो लोगों की मौत

लातेहार जिले में भी आकाशीय बिजली ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली. चंदवा और सदर थाना क्षेत्रों में हुई अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हुई. वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. पुलिस के मुताबिक, महिला का इलाज कराया जा रहा है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है.

बारिश के दौरान सावधानी जरूरी

लगातार बारिश और गरज-चमक के बीच बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. ऐसे मौसम में लोगों को खुले मैदान, पेड़ या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है. प्रशासन ने भी लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है.

सम्बंधित खबर