नई दिल्ली: अमेरिका की रिपब्लिकन पार्टी के वरिष्ठ नेता और सीनेटर जॉन कॉर्निन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है. कॉर्निन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत और अमेरिका के रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुए हैं. उन्होंने कहा कि मोदी ने तीन लोकतांत्रिक जनादेश के जरिए 140 करोड़ भारतीयों का भरोसा जीता है
जॉन कॉर्निन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने बड़ी आर्थिक उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने और भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में मोदी सरकार की अहम भूमिका रही है. कॉर्निन के मुताबिक, भारत-अमेरिका साझेदारी पिछले कुछ वर्षों में काफी मजबूत हुई है और दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग लगातार बढ़ रहा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4,399 दिन पूरे करते हुए देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है. इसके साथ ही वह भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं. मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. इसके बाद 2019 और फिर 2024 में लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाई.
अमेरिका और भारत के रिश्ते हाल के वर्षों में कई अहम क्षेत्रों में मजबूत हुए हैं. दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, टेक्नोलॉजी और आर्थिक सहयोग को लेकर लगातार बातचीत जारी है. हाल ही में दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर भी चर्चा तेज हुई है.अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा था कि वह प्रधानमंत्री मोदी को पसंद करते हैं और भारत के साथ अच्छे संबंध चाहते हैं.
सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका और भारत के अधिकारी हाल ही में कई दौर की बैठकों में बाजार पहुंच, कस्टम प्रक्रिया, व्यापारिक सहयोग और आर्थिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा कर चुके हैं. आने वाले समय में भारत-अमेरिका संबंध और मजबूत हो सकते हैं, खासकर टेक्नोलॉजी, रक्षा और निवेश के क्षेत्र में बदलाव की उम्मीद है.