नई दिल्ली: मौसम विभाग (IMD) ने 27 अगस्त के लिए देश के कई हिस्सों में अलर्ट जारी करते हुए सावधान रहने की हिदायत दी है। मानसून की बढ़ती सक्रियता और अलग-अलग इलाकों में बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के कारण आज मौसम का मिजाज बेहद तल्ख रहने वाला है। उत्तर-पूर्वी असम और उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश पर सक्रिय मौसमी प्रणालियों ने बादलों की आवाजाही को तेज कर दिया है, जिससे मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक आंधी-तूफान और भारी बारिश की स्थिति बनी हुई है।
14 राज्यों में मूसलाधार बारिश
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, आज देश के 14 प्रमुख राज्यों, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और गुजरात में आंधी के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट है।
हवाओं की रफ्तार कुछ जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही कई इलाकों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है,।
पहाड़ों पर भूस्खलन और राजधानी दिल्ली का हाल
हिमालयी राज्यों के लिए आने वाले 10 घंटे काफी संवेदनशील माने जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के मंडी, शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, किन्नौर, सोलन और बिलासपुर में तेज रफ्तार हवाओं के साथ भारी बारिश का अंदेशा है। मनाली में तापमान गिरकर अधिकतम 17 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। वहीं उत्तराखंड के देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चमोली जैसे जिलों में बारिश के साथ लैंडस्लाइड का जोखिम बढ़ गया है। देश की राजधानी दिल्ली में भी आज 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और बारिश के साथ अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में आंधी-तूफान का साया
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों से लेकर पूर्वांचल तक बादलों की गड़गड़ाहट बनी रहेगी। मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, बहराइच, कानपुर, बलरामपुर, महाराजगंज, देवरिया, हमीरपुर, प्रयागराज, सोनभद्र, फतेहपुर, गोंडा, गोरखपुर, झांसी, ललितपुर और मिर्जापुर में तूफानी बारिश का सीधा प्रभाव देखने को मिल सकता है। राजधानी लखनऊ में आज का तापमान 31 डिग्री अधिकतम और 27 डिग्री न्यूनतम के आसपास सिमटा रहेगा, जहां रुक-रुक कर बौछारें पड़ने के पूरे आसार हैं।
बिहार में 50 किमी की स्पीड से चलेंगी हवाएं, कई जिले जलमग्न
पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, गया, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, खगड़िया और बेगूसराय में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं के साथ भारी बारिश की प्रबल संभावना है। पूर्वी भारत के कृषि क्षेत्रों में ओलावृष्टि, तेज हवा और वज्रपात से फसलों को नुकसान पहुंचने का अंदेशा गहरा गया है। तेज आंधी के कारण खेतों में खड़ी फसलें गिर सकती हैं, वहीं आकाशीय बिजली का खतरा भी बना हुआ है।
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। इसके अलावा समुद्र और नदियों के तटीय इलाकों में तेज हवाओं की स्थिति को देखते हुए मछुआरों को भी पानी में न उतरने की सख्त हिदायत दी गई है।