देश में गर्मी का रेड अलर्ट: तेलंगाना में गर्मी से 16 की मौत, हिमाचल समेत कई राज्यों में लू का असर

देशभर में गर्मी ने लोगों की हालत खराब कर दी है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग ने भीषण लू का अलर्ट जारी किया है, वहीं तेलंगाना में हीटवेव से 16 मौतों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

Date Updated Last Updated : 24 May 2026, 10:10 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: AI generated

नई दिल्ली: देश के कई हिस्से इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं. शनिवार को तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया. कई राज्यों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में गर्मी ने नए रिकॉर्ड छू लिए. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रविवार से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में तापमान और बढ़ सकता है. इसके साथ ही कई राज्यों में लू का खतरा बना हुआ है, जबकि कुछ इलाकों में बारिश और गरज के साथ तूफान की भी संभावना जताई गई है.

हरियाणा और पंजाब में झुलसा देने वाली गर्मी

हरियाणा के रोहतक में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं हिसार में पारा 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अंबाला का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंजाब में भी गर्मी का असर साफ देखने को मिला. बठिंडा में तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. अमृतसर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और लुधियाना में 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. चंडीगढ़ में भी लोग तेज गर्मी से परेशान रहे, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

पंजाब सरकार ने अस्पतालों को दिए निर्देश

भीषण गर्मी को देखते हुए पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने सरकारी अस्पतालों को हीट स्ट्रोक प्रबंधन के लिए विशेष यूनिट शुरू करने के निर्देश दिए हैं. इन यूनिट्स में आइस पैक समेत सक्रिय शीतलन उपाय और जरूरी मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है.

झारखंड में लू का अलर्ट, धनबाद में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए झारखंड के गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है. वहीं अगले छह दिनों के दौरान कई अन्य जिलों में गरज, बिजली और मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. धनबाद में रविवार को बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि यहां तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश हो सकती है.

तेलंगाना में लू से 16 लोगों की मौत

तेलंगाना के राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने जानकारी दी कि राज्य के सात जिलों में लू के कारण 16 लोगों की मौत हो चुकी है. लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव के चलते प्रशासन अलर्ट मोड पर है.

राजस्थान में चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म

राजस्थान में चित्तौड़गढ़ पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा. यहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रदेश के कई हिस्सों में दिनभर तेज गर्म हवाएं चलती रहीं.

दिल्ली-NCR में 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. अस्पतालों में गर्मी और डिहाइड्रेशन से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. मौसम विभाग ने साफ कहा है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे लोगों को और सतर्क रहने की जरूरत है.

हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में भी मौसम विभाग ने 26 और 27 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में लू चलने की आशंका है. इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश और गरज के साथ तूफान आने की संभावना भी जताई गई है.

सम्बंधित खबर