झारखंड: झारखंड में यात्रा करना अब पहले से ज्यादा महंगा हो गया है. रांची से झारखंड के अलग-अलग शहरों में चलने वाली बसों के किराए में 18 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
यह फैसला हाल ही में चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन में हुई 'बस ओनर एसोसिएशन रांची' की बैठक में लिया गया. इस बढ़ोतरी के बाद यात्रियों को पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. बस किराए के साथ-साथ, राज्य में सामान ढुलाई की दरें भी बढ़ गई हैं क्योंकि मिनी ट्रक एसोसिएशन ने माल भाड़े में 15 फीसदी की तत्काल वृद्धि कर दी है.
बस ओनर एसोसिएशन रांची के प्रतिनिधि अशफाक आजम ने बताया कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतें बढ़ रही हैं. इसके अलावा, बस चलाने से जुड़े खर्चे जैसे मोटर पार्ट्स, चेसिस, बॉडी निर्माण, टोल टैक्स, मोटर वाहन कर, बीमा और मोबिल भी महंगे हो गए हैं. पुराने किराए पर बस चलाना घाटे का सौदा साबित हो रहा था. इसलिए 18 फीसदी किराया बढ़ाने का निर्णय लिया गया. उन्होंने यह भी बताया कि बिहार में भी लंबी दूरी की बसों का किराया बढ़ाया जा चुका है.
दूसरी ओर, झारखंड मिनी ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष रवींद्र सिंह ने ईधन और वाहनों के रखरखाव के बढ़ते खर्चों का हवाला देते हुए माल भाड़े में 15 फीसदी की बढ़ोतरी का एलान किया है. बस ओनर एसोसिएशन धनबाद ने साफ किया है कि धनबाद जिले में अभी किराया बढ़ाने पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है, इसके लिए जल्द ही स्थानीय संचालकों की बैठक बुलाई जाएगी.
पार्ट्स और ईधन की महंगाई के बाद रांची से विभिन्न रूटों का किराया (एसी और नॉन-एसी) अब इस प्रकार तय किया गया है:
रांची से देवघर
नया किराया: 650 (एसी) / 590 (नॉन-एसी)
पुराना किराया: 550 (एसी) / 500 (नॉन-एसी)
रांची से दुमका
नया किराया: 650 (एसी) / 590 (नॉन-एसी)
पुराना किराया: 550 (एसी) / 500 (नॉन-एसी)
रांची से गढ़वा
नया किराया: 470 (एसी) / 415 (नॉन-एसी)
पुराना किराया: 400 (एसी) / 350 (नॉन-एसी)
रांची से चाईबासा
नया किराया: 415 (एसी) / 355 (नॉन-एसी)
पुराना किराया: 350 (एसी) / 300 (नॉन-एसी)
रांची से जमशेदपुर
नया किराया: 355 (एसी) / 295 (नॉन-एसी)
पुराना किराया: 300 (एसी) / 250 (नॉन-एसी)
रांची से हजारीबाग
नया किराया: 235 (एसी) / 210 (नॉन-एसी)
पुराना किराया: 200 (एसी) / 180 (नॉन-एसी)
किराये की ये नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएंगी, जिससे दैनिक यात्रियों के मासिक बजट पर सीधा असर पड़ना तय है.