नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर रखा है. हालांकि अब मौसम राहत देने के मूड में नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. कई इलाकों में अगले 15 घंटे के भीतर मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है. जहां एक ओर बारिश से तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर तेज तूफानी हवाएं भी परेशानी बढ़ा सकती हैं. कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
IMD ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, केरल, असम, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, मेघालय और सिक्किम में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी और उमस से जल्द राहत मिल सकती है. 21 जून को कई इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 22 से 25 जून तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. इस दौरान तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं राज्य के कई जिलों में मौसम का रुख बदला हुआ नजर आएगा. आगरा, मथुरा, नोएडा, मेरठ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, बिजनौर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश और खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई है.
पटना में अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिल सकता है. भोजपुर, सिवान, बक्सर, गया, नवादा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, कटिहार, पूर्णिया, समस्तीपुर, खगड़िया, अररिया, भागलपुर और किशनगंज समेत कई क्षेत्रों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. इसके साथ भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है.
जयपुर में बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में कुछ कमी आ सकती है. अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, अलवर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, नागौर और अजमेर में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. यहां हवा की रफ्तार 55 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
भोपाल में लोगों को गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं. अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. राज्य के नर्मदापुरम, विदिशा, खरगोन, छतरपुर, बालाघाट, मंडला, नीमच, मंदसौर, शिवपुरी, आगर मालवा, राजगढ़ और शाजापुर जिलों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. हवाओं की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
देहरादून में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं ऋषिकेश, हरिद्वार, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पौड़ी गढ़वाल जैसे क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, इसलिए लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
पर्यटकों की पसंदीदा जगह मनाली में 21 जून को बारिश होने की संभावना है. दिनभर बादल छाए रह सकते हैं. अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. शिमला, कुल्लू, सोलन, कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और किन्नौर में भी भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है. यहां हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. नीलगिरि, कोयंबटूर, कन्याकुमारी, इरोड, सलेम, धर्मपुरी और कृष्णागिरि में तेज बारिश और हवाओं की संभावना है. वहीं चेन्नई के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने गुवाहाटी और आसपास के जिलों में अगले दो से तीन दिनों तक बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. खासतौर पर राज्य के पश्चिमी हिस्सों में मौसम ज्यादा प्रभावित हो सकता है. इस दौरान तेज हवाएं चलने और खराब मौसम बने रहने की संभावना है.
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है. बारिश राहत जरूर लेकर आएगी, लेकिन तेज हवाएं और आंधी कई क्षेत्रों में मुश्किलें भी बढ़ा सकती हैं.