नई दिल्ली: वीकेंड आते ही पार्टी का माहौल बनना आम बात है, और कई लोगों के लिए यह माहौल शराब के बिना अधूरा लगता है. हालांकि विशेषज्ञ बार-बार चेतावनी देते हैं कि शराब का कोई भी स्तर पूरी तरह सुरक्षित नहीं है, फिर भी सामाजिक मौकों पर इसका सेवन किया जाता है. ऐसे में जरूरी है कि लोग कम से कम कुछ सावधानियां अपनाकर इसके दुष्प्रभावों को सीमित करने की कोशिश करें.
इसी कड़ी में एक एक्सपर्ट ने शराब पीने से जुड़े जोखिमों को कम करने के लिए कुछ अहम सुझाव दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही लोग शराब छोड़ने की सलाह न मानें, लेकिन कुछ गलतियां ऐसी हैं जिन्हें हर हाल में टालना चाहिए.
एक्सपर्ट्स का कहना है कि कम समय में ज्यादा मात्रा में शराब पीना शरीर के लिए बहुत खतरनाक होता है. इससे शरीर में एसीटैल्डिहाइड नामक विषैला पदार्थ बनता है, जोकि लिवर को नुकसान पहुंचाता है. इस कारण सिरदर्द, उल्टी, चक्कर और तेज धड़कन जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इस कारण हमेशा अत्यधिक शराब का सेवन करने से बचना चाहिए.
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि शराब और धूम्रपान का साथ में सेवन करना जोखिम को कई गुना बढ़ा देता है. दोनों ही आदतें अलग-अलग हानिकारक हैं, लेकिन एक साथ लेने पर इनका असर और भी गंभीर हो जाता है, जिससे कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.
कई लोग धूम्रपान की जगह वेपिंग को सुरक्षित मानते हैं, लेकिन विशेषज्ञ इसे गलत धारणा बताते हैं. वेपिंग भी शरीर को नुकसान पहुंचाती है, इसलिए शराब पीते समय इससे भी दूरी बनाए रखना जरूरी है.
खाली पेट शराब पीने से शरीर में अल्कोहल तेजी से अवशोषित होता है, जिससे नुकसान बढ़ जाता है. यह आदत शरीर पर ज्यादा दबाव डालती है और स्वास्थ्य समस्याओं की संभावना बढ़ाती है.
अगर आप शराब का सेवन कर रहे हैं तो आपको इस दौरान अलग-अलग तरह की शराब मिलाने से बचना चाहिए. अक्सर लोग मात्रा का सही अंदाजा नहीं लगा पाते और जरूरत से ज्यादा पी लेते हैं. इससे शरीर में विषैले तत्व बढ़ते हैं और अगले दिन हैंगओवर के साथ-साथ अन्य दिक्कतें भी हो सकती हैं.