वालपराई का ट्रिप बना काल! खाई में गिरी वैन, 9 टूरिस्ट की मौत

शुक्रवार को कोयंबटूर जिले में हुई, जब केरल के मलप्पुरम से आए 13 पर्यटक एक वैन में यात्रा कर रहे थे. बताया जा रहा है कि वैन 13वें हेयरपिन मोड़ पर नियंत्रण खो बैठी, बैरियर से टकराई और गहरी खाई में गिर गई.

Date Updated Last Updated : 18 April 2026, 08:11 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: X (@ANI)

नई दिल्ली: शुक्रवार को तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में वालपराई से एक दुखद घटना सामने आ रही है. तमिलनाडु की खूबसूरत पहाड़ियों में घूमने निकले पर्यटकों के लिए यह सफर एक दर्दनाक हादसे में बदल गया. 

यह दुर्घटना शुक्रवार को कोयंबटूर जिले में हुई, जब केरल के मलप्पुरम से आए 13 पर्यटक एक वैन में यात्रा कर रहे थे. बताया जा रहा है कि वैन 13वें हेयरपिन मोड़ पर नियंत्रण खो बैठी, बैरियर से टकराई और गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में 9 लोगों की जान चली गई, जबकि चालक समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

कैसे हुआ हादसा

शुरुआती जानकारी के अनुसार, वैन पहाड़ी रास्ते से नीचे उतर रही थी, तभी अचानक ड्राइवर का नियंत्रण वाहन पर से हट गया. तीखे मोड़ पर वाहन सीधे बैरियर से टकराया और उसके बाद गहरी खाई में जा गिरा. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. तुरंत हुए इस घटना ने किसी को संभलने का मौका ही नहीं दिया. 

मृतकों में महिलाएं ज्यादा

स्थानीय पुलिस के मुताबिक, आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जिनमें सात महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे. बाद में एक और घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई.

बता दें मृतकों में कुछ लोग मलप्पुरम के एक स्कूल से जुड़े शिक्षक थे, जो वालपराई घूमने आए थे और वापस लौट रहे थे. इस हादसे ने उनके परिवारों को गहरा सदमा दिया है.

घायलों का इलाज जारी

घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया. पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. 

इस घटना की जानकारी मिलते ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

जांच में जुटी पुलिस 

अब घटना के बाद दुर्घटना के पीछे का कारण पता लगाने में जुटी हुई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि दुर्घटना ड्राइवर की गलती से हुई या किसी तकनीकी खराबी के कारण.

सम्बंधित खबर