PM मोदी ने काशी-अयोध्या से रवाना होने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

रेल मंत्रालय ने बताया है कि ये दोनों ट्रेनें धार्मिक पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों के लिए गेम चेंजर साबित होंगी। वाराणसी और अयोध्या हर साल लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं।

Date Updated Last Updated : 28 April 2026, 08:16 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (28 अप्रैल 2026) को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से यूपी और महाराष्ट्र के बीच दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। पहली ट्रेन वाराणसी से पुणे हडपसर और दूसरी अयोध्या से मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच चलेगी।

विशेष रूप से धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा   

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रेल मंत्रालय ने बताया है कि ये दोनों ट्रेनें धार्मिक पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों के लिए गेम चेंजर साबित होंगी। वाराणसी और अयोध्या हर साल लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं।

मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों से सीधी कनेक्टिविटी मिलने से पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए मौके मिलेंगे। मंत्रालय ने बताया, “बनारस-हडपसर सेवा से काशी विश्वनाथ धाम पहुंचना आसान होगा। वहीं अयोध्या-मुंबई ट्रेन से श्री राम मंदिर तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।”

यात्रियों के लिए बड़ी राहत 

अवगत करवाते चलें कि इन ट्रेनों से रोजाना सफर करने वाले यात्री, प्रवासी मजदूर और तीर्थयात्री सबसे ज्यादा फायदे में रहेंगे। अब उन्हें बार-बार ट्रेन बदलने की झंझट नहीं होगी। सीधी सेवा मिलने से समय और पैसे दोनों बचेंगे।

वहीं अधिकारियों ने बताया कि उद्घाटन यात्रा के बाद दोनों ट्रेनों का नियमित संचालन जल्द शुरू कर दिया जाएगा। अमृत भारत ट्रेन को आम आदमी को ध्यान में रखकर बनाया गया है। ये ट्रेनें आरामदायक और सुविधाजनक होने के साथ जेब पर भी भारी नहीं पड़ेंगी। इनका किराया सामान्य मेल-एक्सप्रेस से सिर्फ 15 से 17 प्रतिशत ज्यादा रखा गया है।

बनारस-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस का रूट 

पहली यात्रा बनारस से शाम को शुरू होकर अगले दिन देर रात पुणे के हडपसर जंक्शन पहुंचेगी। करीब 30 घंटे के सफर में यह ट्रेन 18 स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज, फतेहपुर, गोविंदपुरी, उरई, झांसी, बीना, रानी कमलापति, नर्मदापुरम, इटारसी, हरदा, खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव, अहिल्यानगर और दौंड शामिल हैं।

अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस का रूट 

पहली यात्रा अयोध्या कैंट से शाम को शुरू होकर अगले दिन देर शाम मुंबई एलटीटी पहुंचेगी। 28 घंटे की यात्रा में यह ट्रेन 12 स्टेशनों पर रुकेगी। स्टॉपेज में अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी प्रतापगढ़, प्रयागराज जंक्शन, मानिकपुर, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, जलगांव, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे हैं।

सम्बंधित खबर