हरियाणा के रेवाड़ी जिले में रविवार को एक भीषण आग ने सैकड़ों गरीब परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी. सेक्टर-5 में स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आसपास के पक्के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान तक बचाने का मौका नहीं मिला. मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन हालात देर तक काबू में नहीं आ सके.
आग लगते ही झुग्गी बस्ती में हड़कंप मच गया. तेज हवाओं के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं और कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते पूरा इलाका आग की लपटों और धुएं से भर गया. आसपास के लोग भयभीत होकर अपने घरों से बाहर निकल आए.
#WATCH | Haryana: A massive fire breaks out in slums at Konsiwas Road in Rewari. Fire tenders rushed to the spot. Firefighting operations are underway. pic.twitter.com/KCTdPFmomm
— ANI (@ANI) April 19, 2026
आग के बीच गैस सिलेंडरों के फटने से जोरदार धमाके होने लगे. इन धमाकों ने हालात और भयावह बना दिए. लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते नजर आए. हर तरफ चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल था. कई परिवारों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया.
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन उनकी संख्या कम थी. आग पर काबू पाने में काफी समय लगा. पानी की कमी ने भी राहत कार्य को प्रभावित किया. स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्याप्त संसाधन होते तो आग को जल्दी रोका जा सकता था.
राहत और बचाव कार्य के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. तमाशबीन भीड़ के कारण दमकल कर्मियों को काम करने में दिक्कत हुई. हालांकि पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में काफी अव्यवस्था देखने को मिली. इससे बचाव कार्य की गति प्रभावित हुई.
पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं. अब तक किसी बड़े जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है, जो राहत की बात है. आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने और प्रभावित लोगों की मदद करने पर है.