नई दिल्ली: दिल्ली में सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद किए गए सभी मेट्रो स्टेशन अब पूरी तरह से यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने घोषणा की है कि राजधानी के सभी मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट सेवाएं फिर से सामान्य कर दी गई हैं. इसके साथ ही लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिली है, जो पिछले चार दिनों से यात्रा में परेशानियों का सामना कर रहे थे.
हाल ही में हुए प्रदर्शनों के चलते मध्य दिल्ली के कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा के मद्देनजर एंट्री और एग्जिट पर रोक लगा दी गई थी. इनमें राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, जनपथ, नई दिल्ली, आईटीओ, सुप्रीम कोर्ट, खान मार्केट, लोक कल्याण मार्ग और अन्य प्रमुख स्टेशन शामिल थे.
हालांकि इस दौरान मेट्रो ट्रेनों का संचालन जारी रहा, लेकिन यात्रियों को इन स्टेशनों से बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं थी. केवल इंटरचेंज करने वाले यात्रियों को लाइन बदलने की सुविधा दी गई थी.
स्टेशनों के बंद रहने से दफ्तर जाने वाले हजारों लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. कई यात्रियों को बस, ऑटो और टैक्सी का सहारा लेना पड़ा, जिससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी बढ़ गया. खासकर मध्य दिल्ली के इलाकों में लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ी और अतिरिक्त समय खर्च करना पड़ा.
Service Update
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) July 26, 2026
All stations of the Delhi Metro network are open (both entry and exit) for passenger services.
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के माध्यम से जानकारी दी कि अब पूरे मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट सेवाएं सामान्य रूप से शुरू कर दी गई हैं. इसके साथ ही मेट्रो का संचालन भी पहले की तरह सुचारु रूप से जारी है.
स्टेशन खुलने के बाद राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस और नई दिल्ली जैसे व्यस्त स्टेशनों पर एक बार फिर यात्रियों की भीड़ देखने को मिली. टिकट काउंटर और ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन (AFC) गेट फिर से चालू हो गए हैं.
सुरक्षा प्रतिबंध हटने से न केवल मेट्रो यात्रियों को राहत मिली है, बल्कि सड़क यातायात पर भी दबाव कम होने की उम्मीद है. अब रोजाना सफर करने वाले लाखों लोग बिना अतिरिक्त परेशानी के पहले की तरह मेट्रो सेवा का लाभ उठा सकेंगे.