नई दिल्ली: ग्रुप ए से सुपर 8 में पहुंचने वाली टीम भारत को अब अपना आखिरी मुकाबला नीदरलैंड के खिलाफ खेलना है. बुधवार की शाम सात बजे अमहदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और नीदरलैंड के बीच मुकाबाला होना है.
इस टूर्नामेंट में लगातार दमदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम अब टूर्नामेंट का समापन प्रभावशाली जीत के साथ करना चाहेगी. इस मैच में टीम का लक्ष्य केवल जीत नहीं बल्कि अपनी कमियों पर काम करना है. ताकि टीम सुपर 8 में और भी मजबूती के साथ उतर सके.
इस मैच में सबकी निगाहें सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर होंगी क्योंकि यह मुकाबला उनके लिए खास होगा. अब तक उनका प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है. अभिषेक पहले मैच में शून्य पर आउट हो गए थे इसके बाद बीमारी के कारण उन्हें एक मुकाबला मिस करना पड़ा. हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उनकी वापसी हुई उसमें वह बड़ी पारी नहीं खेल सके.
लेकिन उनके जोड़ीदार ईशान किशन शानदार लय में नजर आ रहे हैं. अगर अभिषेक भी अपनी पुरानी फॉर्म प्राप्त कर लेते हैं तो इस टूर्नामेंट में भारत की सलामी जोड़ी से बेहतर कोई और जोड़ी नहीं होगी.
इस टूर्नामेंट में अगर भारतीय टीम को कोई परेशान कर रहा है तो वह स्पिन गेंदबाजी. कोलंबो की कठिन पिच पर सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने संयम दिखाया, लेकिन स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ टीम की कमजोरी उजागर हो गई थी. नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने चार विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी को झकझोरा था. टीम सुपर 8 से पहले अपनी इस कमी पर काम कर इसे सुधारने का प्रयास करेगी.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नीदरलैंड के खिलाफ गेदंबाजी संयोजन में बदलाव हो सकते हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि आज के मैच में तेज गेदबाज जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को सुपर 8 मुकाबले को ध्यान में रखते हुए आराम दिया जा सकता है.
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), कुलदीप यादव, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती