नई दिल्ली: IPL 2026 के एक मुकाबले के दौरान ऐसा सीन सामने आया जिसने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी. ये मामला राजस्थान रॉयल्स से जुड़ा है. राजस्थान रॉयल्स के लंबे समय से टीम मैनेजर रहे रोमी भिंडर मौजूदा विवादों में घिरे हुए हैं.
आरआर बनाम आरसीबी मैच के दौरान उन्हें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ टीम के डगआउट में बैठे हुए फोन का इस्तेमाल करते हुए देखा गया. शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के मैच के दौरान टीवी कैमरों ने भिंडर को मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए देखा.
राज्सथान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले गए मैच के दौरान सामने आई इस वीडियो ने तहलका मचा दिया है. शुरुआती तौर पर यह जानकारी सोशल मीडिया के जरिए सामने आई थी, लेकिन बाद में इसकी पुष्टि भी हो गई. अब इस पर BCCI ने भी प्रतिक्रिया दी है.
BCCI के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि यह नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है. उन्होंने कहा कि इस मामले को हल्के में नहीं लिया जाएगा और आगे की कार्यवाही मैच रेफरी और एंटी-करप्शन यूनिट की रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी.
आईपीएल के पीएमओए (Players and Match Officials Area) प्रोटोकॉल के अनुसार, मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित होता है. हालांकि टीम मैनेजर को ड्रेसिंग रूम में फोन इस्तेमाल करने की अनुमति होती है, लेकिन डगआउट में यह सख्त मना है.
पूर्व आईपीएल आयुक्त ललित मोदी ने इस मुद्दे को सार्वजनिक रूप से उठाते हुए एंटी-करप्शन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए. उनका कहना है कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में इस तरह की घटना चिंताजनक है.
भिंडर के खिलाफ सख्त कार्यवाही हो सकती है. संभावित सजा में भारी जुर्माना या कुछ मैचों के लिए डगआउट और ड्रेसिंग रूम से प्रतिबंध शामिल हो सकता है. अंतिम फैसला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लिया जाएगा. हालांकि इनका अपराध और गंभीर इसलिए हो जाता है क्योंकि जब वह फोन चला रहे थे तब सूर्यवंशी उनके बगल में बैठकर फोन में देखते दिख रहे हैं.