मुंबई: IPL 2026 में बीती शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुबंई इंडियंस के बीच एक रोमांचक मैच देखने को मिला. इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में मुंबई इंडियंस 241 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थी हालांकि इस दौरान रोहित शर्मा ज्यादा देर तक क्रीज पर मौजूद नहीं रह सके. रोहित शर्मा को शानदार शुरुआत के बीच ही मैदान छोड़ना पड़ा, जिससे मुंबई इंडियंस की जीत की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा. फैंस के लिए यह पल जितना चौंकाने वाला था, उतना ही टीम के लिए मुश्किल भरा भी साबित हुआ.
रविवार रात खेले गए MI vs RCB मैच में मुंबई इंडियंस ने लक्ष्य का पीछा करते हुए तेज शुरुआत की. टीम ने 5.2 ओवर में बिना विकेट गंवाए 57 रन बना लिए थे, लेकिन इसी दौरान रोहित थोड़े असहज दिखे जिसके बाद मुंबई की पारी लड़खड़ा गई.
रोहित शर्मा शुरुआत में शानदार फॉर्म में दिख रहे थे लेकिन शुरु में ही उन्हें हैमस्ट्रिंग में खिंचाव महसूस हुआ और रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए. इसके बाद वे बल्लेबाजी के लिए वापस नहीं लौटे और मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 222/5 रन ही बना सकी.
रोहित शर्मा की शुरुआती पारी भले छोटी रही, लेकिन उनका आउट होना टीम के लिए बड़ा झटका था. उनकी गैरमौजूदगी में टीम की रन गति पर असर पड़ा और लक्ष्य का पीछा करना कठिन हो गया.
एक रिपोर्ट के अनुसार रोहित शर्मा की हैमस्ट्रिंग की चोट की गंभीरता का पता लगाने के लिए स्कैन किया जाएगा. रोहित गुरुवार, 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस का अगला मैच खेलेंगे या नहीं, यह स्कैन के नतीजों पर निर्भर करेगा.
हालांकि अभी तक इस पर एमआई की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. रदरफोर्ड ने भी कहा कि उन्हें चोट के बारे में पूरी जानकारी नहीं है, क्योंकि वे डगआउट में थे.
इस मुकाबले के दौरान रोहित शर्मा ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में 6,000 रन पूरे कर लिए हैं. इस उपलब्धि के साथ वे टीम के सबसे सफल बल्लेबाज बन गए हैं.
रोहित अब आईपीएल इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, जबकि विराट कोहली इस सूची में शीर्ष पर बने हुए हैं.