नई दिल्ली: IPL 2026 अब अपने रोमांच अपने चरम पर है और अब एक ऐसा मुकाबला सामने है, जो सिर्फ दो टीमों के बीच टक्कर ही नहीं बल्कि इतिहास रचने का मौका भी लेकर आ रहा है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जब मैदान पर उतरेगी, तो उसकी नजर जीत के साथ एक खास रिकॉर्ड पर भी होगी.
टूर्नामेंट के 26वें मुकाबले में 18 अप्रैल को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा. यह मुकाबला इसलिए भी खास है क्योंकि यह इसी मैदान पर आरसीबी का 100वां आईपीएल मैच होगा, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है.
गत वर्ष की चैंपियन आरसीबी इस साल बेहद शानदार फॉर्म में नजर आ रही है. इस बार टीम ट्रॉफी डिफेंड करने के इरादे से टूर्नामेंटमें उतरी है लेकिन इसी दौरान टीम एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड की दहलीज पर आकर खड़ी है.
बता दें टीम को शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपने होम ग्राउंड पर मुकाबला खेलना है. इस मैच के साथ RCB आईपीएल इतिहास में एक ही मैदान पर 100 मुकाबले खेलने वाली पहली टीम बन जाएगी. ऐसा करने वाली आरसीबी पहली टीम है.
इस सूची में कोलकाता नाइट राइडर्स दूसरे स्थान पर है, जिसने ईडन गार्डन्स में 98 मैच खेले हैं. वहीं मुंबई इंडियंस तीसरे नंबर पर है, जिसके नाम वानखेड़े स्टेडियम में 95 मैच हैं. ऐसे में आरसीबी का यह आंकड़ा खास मायने रखता है.
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को देश के सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट मैदानों में गिना जाता है. यहां का माहौल और दर्शकों का उत्साह हर मैच को यादगार बना देता है. ऐसे में घरेलू मैदान पर खेलना आरसीबी के लिए एक बड़ा फायदा साबित हो सकता है. टीम इस खास मौके पर मैच को किसी भी कीमत में जीतने का प्रयास करेगी.
आईपीएल 2026 में आरसीबी का प्रदर्शन अब तक बेहतरीन रहा है. टीम ने पांच मैचों में चार जीत दर्ज की हैं और सिर्फ एक मुकाबला गंवाया है. इसी शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है और शीर्ष स्थान हासिल करने की कोशिश में है.