IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स को लगा तगड़ा झटका, खतरनाक तेज गेंदबाज पूरे टूर्नामेंट से हुआ बाहर

नाथन एलिस का टी20 रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है. उन्होंने अपने करियर में 180 मैचों में 200 से ज्यादा विकेट लिए हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनका प्रदर्शन मजबूत रहा है, जहां उन्होंने 36 मैचों में 55 विकेट झटके हैं.

Date Updated Last Updated : 19 March 2026, 08:52 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: x

आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बुरी खबर सामने आई है. तेज गेंदबाज नाथन एलिस चोट की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, वह हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे हैं, जिसके कारण उन्हें आराम करना पड़ेगा. नाथन एलिस की जगह किस खिलाड़ी को टीम से जोड़ा जाएगा, इसका आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है.

नाथन एलिस का बाहर होना चेन्नई के लिए इसलिए भी चिंता का विषय है, क्योंकि उन्हें डेथ ओवरों में अहम भूमिका निभाने वाला गेंदबाज माना जा रहा था. उनकी गैरमौजूदगी में टीम के गेंदबाजी संतुलन पर असर पड़ सकता है. ऐसे में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी को प्लेइंग इलेवन में ज्यादा मौके मिलने की संभावना बढ़ गई है.

200 से ज्यादा विकेट झटके

नाथन एलिस का टी20 रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है. उन्होंने अपने करियर में 180 मैचों में 200 से ज्यादा विकेट लिए हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनका प्रदर्शन मजबूत रहा है, जहां उन्होंने 36 मैचों में 55 विकेट झटके हैं. यही कारण है कि टीम मैनेजमेंट ने उन्हें खास तौर पर अहम मौकों के लिए चुना था.

CSK का गेंदबाजी आक्रमण

अगर चेन्नई सुपर किंग्स के मौजूदा तेज गेंदबाजी आक्रमण पर नजर डालें तो टीम में मैट हेनरी के अलावा गुरजपनीत सिंह, मुकेश चौधरी और खलील अहमद जैसे गेंदबाज मौजूद हैं. इसके साथ ही ऑलराउंडर शिवम दुबे, जेमी ओवर्टन और अन्य खिलाड़ी भी जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी कर सकते हैं. 

सीएसके का नया स्वरूप और संजू का आगाज 

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का अभियान 30 मार्च को गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शुरू होगा. इस साल क्रिकेट प्रेमियों को वर्षों बाद एमएस धोनी और रवींद्र जडेजा एक ही टीम में नजर नहीं आएंगे, क्योंकि जडेजा को पिछले साल राजस्थान रॉयल्स में ट्रेड किया गया था. वहीं संजू सैमसन पहली बार पीली जर्सी यानी सीएसके के लिए खेलते हुए दिखाई देंगे.

चुनावों के चलते कार्यक्रम में देरी 

आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने बताया कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में आगामी विधानसभा चुनावों के कारण कार्यक्रम तय करने में देरी हुई. फिलहाल केवल पहले 16 दिनों का ही खाका तैयार किया गया है, ताकि सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रहे. चुनाव आयोग द्वारा मतदान की तारीखों की घोषणा के बाद ही टूर्नामेंट के दूसरे हिस्से का कार्यक्रम जारी किया जाएगा. बोर्ड स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही बाकी मैचों की विस्तृत जानकारी भी साझा करेगा.

सम्बंधित खबर