अहमदाबाद: आईपीएल की सबसे सफल टीमों से एक मुंबई इंडियंस अब जीत की पटरी पर लौटती नजर आ रही है. लगातार 4 हार के बाद मुंबई एक्सप्रेस ने अपनी रफ्तार पकड़ते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रनों से करारी शिकस्त दी. इस जीत में सबसे बड़ा योगदान स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा और यॉर्कर किंग जसप्रीत बुमराह का रहा.
अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने ऐसा धमाकेदार आगाज किया जिसने मैच का रुख ही बदल दिया. आईपीएल 2026 में शुरुआती पांच मैचों तक विकेट के लिए तरसने वाले बुमराह ने इस बार पहली ही गेंद पर शिकार कर सबको चौंका दिया. उनकी इस शुरुआत ने टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई और मुकाबला धीरे-धीरे मुंबई के पक्ष में झुकता चला गया. इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने लगातार चार हार के बाद राहत की सांस ली.
बुमराह ने पारी के पहले ओवर की पहली ही गेंद पर विपक्षी टीम के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन को आउट कर दिया. उन्होंने अपने तीन ओवर में सिर्फ 15 रन देकर एक विकेट लिया. कप्तान हार्दिक पांड्या ने भी माना कि बुमराह का उपयोग हमेशा परिस्थितियों के हिसाब से किया जाता है, लेकिन इस मैच में नई गेंद से उन्हें लाना रणनीतिक रूप से सफल रहा.
बुमराह की ऐसी परफॉर्मेंस के बाद कप्तान ट्रोलर्स की इस बात का जवाब दिया कि वह बुमराह को पारी का पहला ओवर क्यों नहीं देते हैं. इस पर पांड्या ने कहा कि, 'मैंने कई लोगों को यह पूछते देखा है कि जसप्रीत ने कभी पहला ओवर क्यों नहीं फेंका. लेकिन अगर आप देखें तो 151 मैचों में जसप्रीत ने शायद आठ या नौ बार ही पहला ओवर फेंका है. इसलिए मुझे नहीं लगता कि यह हार्दिक पांड्या की समस्या है. बात बस इतनी है कि जसप्रीत बुमराह इतने खास हैं कि टीम की जरूरत के हिसाब से उनका इस्तेमाल किया जाता है.'
बुमराह के अलावा मुंबई के स्टार शीर्ष क्रम बल्लेबाज तिलक वर्मा ने लंबे समय के बाद अपने आक्रमक रूप में नजर आए. उन्होंने इस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 45 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए. उनकी इस पारी ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. वहीं नमन धीर ने 45 रनों का अहम योगदान देकर पारी को संभाला.
गेंदबाजी में मुंबई की पूरी यूनिट ने मिलकर शानदार काम किया. अश्वनी कुमार ने 4/24 के आंकड़े के साथ मैच का रुख तय किया. साथ ही मिशेल सेंटनर और अल्लाह ग़ज़नफ़र ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम को कमजोर कर दिया.