गिल की टीम ने कोहली की टीम को 4 विकेट से चटाई धूल, मैच में बना अनोखा रिकॉर्ड

156 रन का टारगेट GT ने 15.5 ओवर में हासिल कर लिया। हालांकि RCB ने 6 विकेट लेकर मैच को 16वें ओवर तक खींचा और आखिरी तक फाइट की।

Date Updated Last Updated : 30 April 2026, 11:51 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: BCCI

नई दिल्ली: अहमदाबाद के ऐतिहासिक मैदान पर गुरुवार (30 अप्रैल 2026) को शुभमन गिल की टीम गुजरात टाइटन्स ने विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 4 विकेट से हरा दिया। 156 रन का टारगेट GT ने 15.5 ओवर में हासिल कर लिया। हालांकि RCB ने 6 विकेट लेकर मैच को 16वें ओवर तक खींचा और आखिरी तक फाइट की।

RCB की पारी, फेल हुए विराट कोहली! 

आपको बताते चलें कि पहले बैटिंग करते हुए आरसीबी 19.1 ओवर में 155 रन पर ऑलआउट हो गई। विराट कोहली ने तूफानी शुरुआत की। उन्होंने कगिसो रबाडा को एक ओवर में लगातार 5 चौके जड़ दिए। लेकिन रबाडा ने जल्द ही बदला लेते हुए कोहली को आउट कर दिया।

इसके बाद RCB का स्टार मिडिल ऑर्डर बिखर गया। कोई भी बल्लेबाज लय बरकरार नहीं रख पाया। जीटी की ओर से अर्शद खान ने 3 विकेट लेकर सबसे शानदार गेंदबाजी की। राशिद खान और जेसन होल्डर को 2-2 विकेट मिले।

गिल के तूफान के आगे फीकी पड़ी RCB की गेंदबाजी   

158 रन का पीछा करने उतरी GT को शुभमन गिल (43 रन, 18 बॉल, 4 चौके, 3 छक्के) ने धमाकेदार शुरुआत दी। उन्होंने आते ही जोश हेजलवुड पर अटैक कर दिया। दूसरे ओवर में 24 रन ठोककर गिल ने मैच का रुख तय कर दिया। साफ था कि GT जल्दी मैच खत्म करना चाहती है।

लेकिन भुवनेश्वर कुमार ने कमाल की वापसी की। उन्होंने 3 अहम विकेट लेकर RCB को मैच में बनाए रखा। रोमारियो शेफर्ड ने भी 2 विकेट निकाले। फिर भी इम्पैक्ट प्लेयर राहुल तेवतिया (17 बॉल में 27 रन) ने संयम से खेलते हुए GT को जीत दिला दी।

IPL में बना अनोखा रिकॉर्ड   

गौरतलब है कि यह IPL इतिहास में 13वां मौका था, जब दोनों पारियों में 7 से 15 ओवर के बीच 10 या उससे ज्यादा विकेट गिरे। खास बात ये है कि 2026 सीजन में ऐसा दूसरी बार हुआ। इससे पहले इसी मैदान पर GT vs RR मैच में भी ऐसा देखने को मिला था। हालांकि उस मुकाबले में जीत राजस्थान के पाले में गिरी थी।

कप्तान गिल का बयान 

मैच में मिली शानदार जीत पर गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, “बहुत संतोषजनक प्रदर्शन रहा। ऐसी विकेट पर विपक्ष को 160 से कम स्कोर पर रोकना हमारे गेंदबाजों का शानदार काम था। फील्डिंग के मामले में हम थोड़े ढीले रहे, कुछ मौकों पर अच्छी फील्डिंग नहीं कर पाए। हालांकि मैदान पर एनर्जी कुल मिलाकर बहुत अच्छी थी और दूसरे ओवर के बाद जिस तरह से टीम एकजुट होकर वापसी कर रही, वो देखकर अच्छा लगा।”

अपनी बैटिंग के बारे में गिल ने कहा कि मुझे लग रहा था कि मैं अपनी लय में हूँ। पहली गेंद पर थोड़ी किस्मत मेरे साथ रही, लेकिन उसके बाद मैं जल्दी ही अपनी रिदम में आ गया। मुझे पूरा यकीन था कि आज मेरा दिन है और मैं गेंदबाजों का सामना करने के लिए बिल्कुल तैयार था।

वहीं जीत के कारक रहे राहुल तेवतिया को लेकर जीटी के कप्तान ने कहा कि तेवतिया बहुत अहम खिलाड़ी हैं। उन्हें मैच फिनिश करते देख बहुत खुशी हुई। कुल मिलाकर हमने उम्मीद से थोड़े ज्यादा विकेट गंवा दिए, लेकिन उन्होंने अच्छे रन बनाए और टीम के हर खिलाड़ी को बीच में बैटिंग का मौका भी मिला।

सम्बंधित खबर