T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 का सुपर-8 राउंड काफी रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है. ग्रुप-1 और ग्रुप-2 से इंग्लैंड व साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है, जबकि 4 टीमों के बीच अंतिम-4 में पहुंचने की होड़ जारी है. इस बीच पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर का बयान सामने आया है.
टी20 विश्व कप 2026 के बीच मोहम्मद आमिर लगातार अपने बयानों को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. वह टूर्नामेंट में भारतीय टीम के प्रदर्शन पर खुलकर राय दे रहे हैं. हाल ही में उन्होंने भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी पर सवाल उठाए थे. अब उन्होंने भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना पर भी बड़ा दावा कर दिया है.
मोहम्मद आमिर ने भारतीय टीम के टॉप-4 में पहुंचने की संभावनाओं पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाएंगे. जब उनसे सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों के बारे में पूछा गया तो आमिर ने कहा कि अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल में नहीं भी पहुंचता है तो भी भारत वहां नहीं होगा, उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में क्वालिफाई करें या नहीं लेकिन भारत नहीं कर पाएगा.
टूर्नामेंट के मौजूदा हालात पर नजर डालें तो अभी तक केवल इंग्लैंड क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की है. इंग्लैंड ने अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया है और उसका मुकाबला भारत या वेस्टइंडीज से होने की संभावना जताई जा रही है.
भारत को सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बड़ी हार झेलनी पड़ी, जिससे उसकी राह मुश्किल हो गई. इसके बाद भारतीय टीम ने चेन्नई में जिम्बाब्वे को हराकर वापसी की और सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार रखी. अब स्थिति साफ है, अगर भारत को अंतिम चार में पहुंचना है तो उसे हर हाल में वेस्टइंडीज को हराना होगा. यह मुकाबला टीम के लिए करो या मरो जैसा माना जा रहा है.