नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है फाइनल से महज दो कदम दूर होने के कारण क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें इसे लेकर तेज हो चुकी हैं. सुपर-8 चरण खत्म होते ही सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है, जिसमें भारत, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड ने अंतिम चार में अपनी जगह बनाई है. हालांकि इसमें फैंस की निगाहें पांच मार्च के भारत बनाम इंग्लैंड मुकाबले पर होगी.
भारतीय टीम 5 मार्च को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से सेमीफाइनल में भिड़ेगी. दिलचस्प बात यह है कि टी20 विश्व कप इतिहास में यह लगातार तीसरी बार होगा जब दोनों टीमें सेमीफाइनल में टकरा रही हैं. इससे पहसे साल 2022 और 2024 में भी दोनो टीमों को अंतिम-4 में देखा गया था.
2022 के टी20 विश्व कप में यह मैच एडिलेड ओवल में खेला गया था. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए, जिसमें विराट कोहली (50) और हार्दिक पांड्या (63) की अहम पारियां शामिल थीं. जवाब में इंग्लैंड ने बिना विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया. एलेक्स हेल्स और जोस बटलर की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने भारतीय गेंदबाजी बेअसर दिखी. जिसके बाद इंग्लैंड ने आगे चलकर खिताब भी जीता.
2024 में प्रोविडेंस स्टेडियम में दोनों टीमों की एक बार फिर से भिड़ंत हुई थी. इस बार भारत ने 68 रन से शानदार जीत दर्ज की. इस मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने 57 और सूर्यकुमार यादव ने 47 रन बनाए थे. वहीं गेंदबाजी में कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने अहम भूमिका निभाई थी. इसके बाद भारत ने फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम भी किया था.
अब एक बार फिर से भारत और इंग्लैंड टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भिड़ने वाले हैं. यह तीसरी बार होगा जब दोनों टीमें सेमीफाइनल में आमने सामने होंगी. बता दें इस बार इंग्लैंड का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है, हालांकि टीम ने अहम मौकों पर जीत हासिल की है.
वहीं सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत भी अपने सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं दिख रही, फिर भी अनुभव और संतुलन के दम पर भारत भी सेमीफाइनल में पहुंच गया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि मुंबई की पिच पर कौन सी टीम फाइनल का टिकट कटाती है.