नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 शुरू होने से पहले कोलकाता नाईट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है. टीम के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. घुटने की चोट के कारण वह फिलहाल मैदान से दूर हैं और रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके टूर्नामेंट शुरू होने तक पूरी तरह फिट होने की संभावना काफी कम मानी जा रही है. इससे केकेआर की तेज गेंदबाजी संयोजन पर असर पड़ सकता है.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि राणा को यह चोट T20 World Cup से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए एक वार्म-अप मैच के दौरान लगी थी. तब से वह रिकवरी प्रक्रिया में हैं. फ्रेंचाइजी ने अभी तक उनकी जगह किसी आधिकारिक रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है, हालांकि टीम प्रबंधन का मानना है कि अन्य गेंदबाजों को अब अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा.
सूत्रों के मुताबिक, घुटने की चोट के कारण राणा की फिटनेस अभी पूरी तरह बहाल नहीं हुई है. इसी वजह से उनके आईपीएल 2026 में खेलने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है. टीम के एक अधिकारी ने कहा कि उनकी अनुपस्थिति से अन्य तेज गेंदबाजों के लिए टीम में जगह बनाने का अवसर पैदा होगा.
फ्रेंचाइजी का मानना है कि टीम के पास तेज गेंदबाजी में अन्य विकल्प मौजूद हैं. ऐसे में उमरान मलिक, आकाश दीप, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी जैसे गेंदबाज इस मौके का फायदा उठाकर अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं. टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी आने वाले मैचों में बेहतर प्रदर्शन करेंगे.
इसी बीच केकेआर ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुज़ारबानी को आईपीएल 2026 के लिए अपने स्क्वॉड में शामिल किया है. हाल ही में खत्म हुए टी20 विश्व कप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने विपक्षी टीम के 13 विकेट चटकाए थे और टूर्नामेंट के शीर्ष विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल रहे.
मुजरबानी अपनी तेज रफ्तार और अतिरिक्त उछाल के लिए जाने जाते हैं. टी20 क्रिकेट में उनका अनुभव भी काफी अच्छा है और वे अब तक इस प्रारूप में 100 से अधिक विकेट ले चुके हैं. केकेआर को उम्मीद है कि उनकी गति और सटीक गेंदबाजी टीम की गेंदबाजी इकाई को मजबूती देगी.