'पैसे बचाओ..' धोनी की नसीहत से हैरान CSK का युवा खिलाड़ी, क्रिकेट नहीं पैसे बचाने की दी सलाह

इस साल ही चेन्नई सुपर किंग्स के खेमे में शामिल होने वाले खिलाड़ी प्रशांत वीर ने अपनी और महेंद्र सिंह धोनी के बीच हुई एक बातचीत का खुलासा करते हुए बताया कि धोनी ने उन्हें पैसे बचाने की सलाह दी थी.

Date Updated Last Updated : 17 March 2026, 08:32 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: IPL में कई युवा खिलाड़ियों के लिए दिग्गजों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना किसी सपने के सच होने जैसा होता है. बहुत से ऐसे युवा होते हैं जोकि किसी एक खिलाड़ी को देखकर खेलते हुए बड़े होते हैं, बाद में उन्हीं के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने का अनुभव उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं होता है. 

ऐसा ही अनुभव चेन्नई सुपर किंग्स के नए ऑलराउंडर प्रशांत वीर को हुआ, जब उनकी पहली मुलाकात दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी से हुई. हैरानी की बात यह रही कि धोनी ने उनसे क्रिकेट की तकनीक या रणनीति पर नहीं, बल्कि पैसों की समझदारी से बचत करने की सलाह दी.

धोनी की अनोखी सलाह

प्रशांत वीर ने धोनी के साथ अपने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि,  उनकी और धोनी की बातचीत अभी तक क्रिकेट पर ज्यादा केंद्रित नहीं रही है. धोनी ने उन्हें खास तौर पर कहा कि बड़े कॉन्ट्रैक्ट मिलने के बाद खिलाड़ियों को खर्च करने से पहले सोच-समझकर फैसले लेने चाहिए. वीर ने माना कि यह सलाह उनके लिए बेहद खास और उपयोगी है. उन्होंने आगे कहा कि धोनी ने उन्हें बेवजह खर्च करने से बचने के लिए कहा है. 

14.2 करोड़ में चेन्नई में शामिल हुए प्रशांत वीर

दरअसल, आईपीएल 2026 की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने प्रशांत वीर को 14.2 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत में खरीदा था. इस दौरान सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाईट राइडर्स के साथ हुई कड़ी बोली के बाद अंत में सीएसके ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया. चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में वीर ने बताया कि धोनी ने उन्हें पहली मुलाकात में ही पैसे बचाने और फिजूल खर्च से दूर रहने की सलाह दी.

सैमसन भी धोनी से सीखने को उत्सुक

इसी बीच भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने भी कहा कि वह आगामी आईपीएल सीजन में धोनी के साथ खेलकर उनसे बहुत कुछ सीखना चाहते हैं. उन्होंने बताया कि पहले फोन पर उनसे बातचीत हुई है, लेकिन एक ही टीम में खेलना उनके लिए खास अनुभव होगा. वह धोनी के साथ खेलने के लिए काफी उत्साहित हैं. 

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आईपीएल के 19वें संस्करण में चेन्नई सुपर किंग्स को अपना पहला मुकाबला 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. 

सम्बंधित खबर