नई दिल्ली: टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हाल ही में T20 World Cup जीतकर पूरे देश में बतौर कप्तान अपनी एक अलग पहचान बना ली है. एक ओर जहां पूरे देश में उनकी शानदार कप्तानी की सराहना हो रही है वहीं दूसरी ओर उन्होंने खुद अपने एक गलत फैसले का खुलासा किया है. जिस पर उन्हें खुद भी अफसोस है.
उन्होंने एक महत्वपूर्ण फैसले को लेकर खुलकर बात की. सूर्या ने स्वीकारा कि टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना उनकी बड़ी गलती थी.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि विश्व कप 2026 के सुपर 8 चरण में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी थी. जहां पर बाद में टीम के करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था. हालांकि कप्तान को अब उस बात का अफसोस है.
कप्तान के अनुसार यह फैसला टीम रणनीति का हिस्सा था, लेकिन इसका परिणाम भारत के लिए बेहद निराशाजनक रहा. दिलचस्प बात यह है कि पूरे टूर्नामेंट में यह भारत की एकमात्र हार रही. मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने माना कि अक्षर पटेल इस फैसले से काफी नाराज थे और उन्होंने व्यक्तिगत रूप से उनसे माफी भी मांगी.
सूर्यकुमार यादव ने बताया कि अक्षर पटेल पिछले मैच में चोट के कारण नहीं खेल पाए थे. हालांकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्हें टीम में शामिल करने के बजाय वाशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया. यह निर्णय पूरी तरह रणनीतिक था, लेकिन बाद में यह टीम के लिए गलत साबित हुआ.
कप्तान के अनुसार, मैच के बाद अक्षर पटेल काफी नाराज थे, जो स्वाभाविक भी था. सूर्यकुमार ने कहा कि अक्षर एक अनुभवी खिलाड़ी हैं और फ्रेंचाइजी टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं, इसलिए उनकी नाराजगी समझ में आती है. उन्होंने स्वीकार किया कि यह बातचीत उनके लिए कठिन थी, लेकिन उन्होंने खुलकर अपनी गलती मानते हुए अक्षर से माफी मांगी. अगले दिन दोनों ने इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की और मामला शांत हो गया.