सिद्दरमैया जाएंगे राज्यसभा, शिवकुमार बनेंगे मुख्यमंत्री! कर्नाटक कांग्रेस में सत्ता का बड़ा खेल

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के साथ सिद्दरमैया और डीके शिवकुमार की हाल में 6 घंटे से ज्यादा लंबी बैठक हुई।

Date Updated Last Updated : 27 May 2026, 10:00 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: X - @DKShivakumar

बेंगलुरु: कर्नाटक कांग्रेस में बड़ा सियासी बदलाव होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया को सम्मानजनक तरीके से हटाकर उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को कमान सौंपने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पार्टी हाईकमान इस फॉर्मूले पर आगे बढ़ रहा है। तीन साल से चली आ रही सिद्दरमैया सरकार में अब नेतृत्व परिवर्तन का रास्ता लगभग साफ हो गया है।

6 घंटे की मैराथन बैठक में बना फॉर्मूला   

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के साथ सिद्दरमैया और डीके शिवकुमार की हाल में 6 घंटे से ज्यादा लंबी बैठक हुई।

इसी बैठक में सत्ता बदलाव का मुद्दा सबसे अहम रहा। राहुल गांधी ने सिद्दरमैया से अलग से मुलाकात कर उन्हें पार्टी में राष्ट्रीय भूमिका निभाने का प्रस्ताव दिया। सिद्दरमैया को एक हफ्ते में जवाब देने को कहा गया है।

ढाई-ढाई साल की शर्त के बाद सहमति   

कर्नाटक में कांग्रेस सरकार की शुरुआत में सिद्दरमैया और शिवकुमार के बीच ढाई-ढाई साल मुख्यमंत्री रहने की चर्चा थी। तीन साल बाद अब बदलाव तय माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी से बातचीत के बाद सिद्दरमैया राज्य की सत्ता छोड़कर राज्यसभा जाने को तैयार हो गए हैं। हालांकि शर्त यह रखी गई है कि मंत्रिमंडल और राज्यसभा के दूसरे नामों में उनकी पसंद को अहमियत दी जाएगी।

पहले नहीं थे राजी, अब माने सिद्दरमैया   

कांग्रेस नेतृत्व ने दोनों नेताओं से पहले अलग-अलग और फिर एक साथ बैठक की। शुरुआत में सिद्दरमैया इसके लिए तैयार नहीं थे, लेकिन राहुल गांधी ने उन्हें मना लिया। पहले भी नेतृत्व बदलाव को लेकर कई बैठकें हो चुकी थीं, मगर सिद्दरमैया सहमत नहीं थे।

कांग्रेस बिना सहमति के रिस्क नहीं लेना चाहती थी क्योंकि विधानसभा में सिद्दरमैया के समर्थक विधायकों की संख्या ज्यादा है। सोमवार को दोनों नेता अपने समर्थक विधायकों के साथ दिल्ली पहुंचे थे।

वेणुगोपाल बोले 'सिर्फ अटकलें हैं'   

बीते मंगलवार, 26 मई 2026 को बैठक के बाद केसी वेणुगोपाल ने मीडिया से कहा कि लोग जो अंदाजा लगा रहे हैं वह सिर्फ अटकल है, सच्चाई नहीं है। उनके साथ सिद्दरमैया और शिवकुमार भी मौजूद थे।

वेणुगोपाल ने बताया कि आज सिर्फ कर्नाटक की राज्यसभा और काउंसिल सीटों पर चर्चा हुई है। उम्मीदवारों की घोषणा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीटों के साथ की जाएगी। किसी और मुद्दे पर बात नहीं हुई।

जल्द देंगे इस्तीफा, होगा शपथग्रहण   

हालांकि विश्वस्त सूत्रों का दावा है कि सिद्दरमैया अगले कुछ दिनों में इस्तीफा दे देंगे। 1 जून को राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सिद्दरमैया राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे और उसी के बाद शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

सम्बंधित खबर