नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर ‘बॉयफ्रेंड चाहिए?’ जैसे विज्ञापन दिखें तो तुरंत सतर्क हो जाइए। हैदराबाद पुलिस ने ‘रेंट ए बॉयफ्रेंड’ नाम के नए साइबर स्कैम को लेकर चेतावनी जारी की है। ठग लुभावने पोस्टर के जरिए लड़कियों और महिलाओं को फंसा रहे हैं और फिर उनसे पैसे ऐंठकर ब्लॉक कर दे रहे हैं।
साइबर अपराधी इंस्टाग्राम, फेसबुक और टेलीग्राम पर AI से बनी या इंटरनेट से चुराई गई हैंडसम लड़कों की फोटो डालते हैं। पोस्ट में ‘कॉफी डेट’, ‘मूवी पार्टनर’, ‘शॉपिंग कंपेनियन’ जैसे अलग-अलग पैकेज दिखाए जाते हैं। दाम भी आकर्षक रखे जाते हैं ताकि भरोसा हो जाए।
जैसे ही कोई लड़की संपर्क करती है, ठग बातचीत में उलझा देते हैं। फिर रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट या एडवांस बुकिंग के नाम पर पेमेंट मांगी जाती है। पीड़ित जैसे ही QR कोड स्कैन करती है या ऑनलाइन पैसे भेजती है, ठग तुरंत उसे व्हाट्सएप, कॉल और सोशल मीडिया से ब्लॉक कर देते हैं।
पैसे भी गए और कोई बॉयफ्रेंड भी नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक इस स्कैम में सिर्फ पैसे ही नहीं जा रहे, ठग महिलाओं का निजी डेटा भी चोरी कर रहे हैं। बाद में उसी डेटा का इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग के लिए किया जा सकता है।
हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वी.सी. सज्जनार IPS ने X पर पोस्ट कर लोगों को आगाह किया। उन्होंने कहा कि पार्टनर दिलाने के नाम पर चलने वाले ये पोस्टर सिर्फ साइबर फ्रॉड का जरिया हैं। इनके झांसे में न आएं।
उन्होंने माता-पिता से भी अपील की कि वो अपने बच्चों की ऑनलाइन एक्टिविटी पर नजर रखें। “आपके बच्चे सोशल मीडिया पर क्या देख रहे हैं, किससे बात कर रहे हैं, बाहर किससे मिल रहे हैं। इस पर ध्यान देना जरूरी है। स्मार्टफोन पर निगरानी नहीं होगी तो बच्चे ऐसे खतरनाक जाल में फंस सकते हैं,” सज्जनार ने लिखा।
पुलिस का कहना है कि आकर्षक ऑफर के चक्कर में जल्दबाजी न करें। थोड़ी सी लापरवाही आपको कंगाल भी कर सकती है।