रांची: झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने एक अनोखी पहल शुरू की है. तेज धूप और 40 से 44 डिग्री तक पहुंच रहे तापमान के बीच घंटों सड़क पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को अब खास 'कूलिंग जैकेट' दी गई हैं, जो उन्हें गर्मी से बचाने में मदद करेंगी.
पहली बार ट्रायल के तौर पर पांच ट्रैफिक कांस्टेबल्स को ये खास जैकेट उपलब्ध कराई गई हैं. इन जैकेट्स को पहनकर जवान शहर के अलग-अलग चौराहों पर ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि अगर यह प्रयोग सफल रहता है, तो आगे और पुलिसकर्मियों को भी यह सुविधा दी जाएगी.
रांची ट्रैफिक पुलिस को दी गई ये जैकेट सामान्य कपड़ों जैसी नहीं हैं. इनमें इनबिल्ट फैन लगाया गया है, जो लगातार जैकेट के अंदर हवा का सर्कुलेशन बनाए रखता है. इससे शरीर के आसपास ठंडी हवा बनी रहती है और पसीना जल्दी सूख जाता है, जिससे गर्मी का असर काफी कम महसूस होता है.
इस कूलिंग जैकेट की सबसे खास बात यह है कि इसे पावर बैंक से भी चलाया जा सकता है. एक बार फुल चार्ज होने के बाद यह करीब 8 घंटे तक लगातार काम करती है. यानी पुलिसकर्मी अपनी पूरी ड्यूटी के दौरान इसे आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं.
इसके अलावा जैकेट में इस्तेमाल किया गया कपड़ा SPF 50 सुरक्षा के साथ आता है, जो तेज धूप और हानिकारक किरणों से बचाने में मदद करता है.
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जैकेट पर रिफ्लेक्टिव रेडियम स्ट्रिप्स भी लगाई गई हैं. इससे रात के समय सड़क पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी दूर से भी आसानी से दिखाई देते हैं और उनकी विजिबिलिटी बनी रहती है.
दरअसल, झारखंड के कई जिलों में इस समय तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे इलाकों में पारा 44 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है. ऐसे में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए घंटों सड़क पर खड़े होकर ड्यूटी करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है.
भीषण गर्मी के बीच सामाजिक संस्थाएं भी लोगों की मदद के लिए आगे आ रही हैं. रांची में मोबाइल ई-रिक्शा के जरिए राहगीरों और स्कूली बच्चों को मुफ्त पानी बांटा जा रहा है, ताकि लोग डिहाइड्रेशन से बच सकें.
वहीं मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया है. स्वास्थ्य विभाग ने भी अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.