नई दिल्ली: नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्रों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने फीस रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी है और इसके लिए आधिकारिक पोर्टल भी खोल दिया गया है. अब उम्मीदवार अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट करके परीक्षा शुल्क सीधे अपने खाते में वापस पा सकेंगे. खास बात यह है कि इस बार छात्रों को अपनी सुविधा के अनुसार नया बैंक अकाउंट जोड़ने का मौका भी दिया गया है, ताकि रिफंड सही खाते में पहुंच सके.
एनटीए ने शुक्रवार देर रात नीट यूजी 2026 फीस रिफंड के लिए पोर्टल एक्टिव कर दिया. उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने अकाउंट में लॉगिन कर सकते हैं और बैंक डिटेल्स अपडेट कर सकते हैं. एजेंसी के अनुसार, बैंक अकाउंट अपडेट करने की सुविधा 22 मई से 27 मई तक उपलब्ध रहेगी. छात्र रात 11:50 बजे तक अपनी जानकारी जमा कर सकते हैं. एनटीए ने कहा है कि सभी उम्मीदवार अपने लॉगिन क्रेडेंशियल का इस्तेमाल करके पोर्टल पर प्रवेश कर सकते हैं और जरूरी बैंक जानकारी भर सकते हैं.
फीस रिफंड प्राप्त करने के लिए उम्मीदवारों को कुछ जरूरी बैंक डिटेल्स देनी होंगी. इनमें अकाउंट होल्डर का नाम, बैंक का नाम, अकाउंट नंबर और IFSC कोड शामिल है. इसके अलावा छात्र चाहें तो कैंसिल्ड चेक की स्कैन कॉपी भी अपलोड कर सकते हैं. हालांकि यह पूरी तरह वैकल्पिक रखा गया है. एनटीए का कहना है कि कैंसिल्ड चेक अपलोड करने से बैंक डिटेल्स की सही जानकारी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी.
एनटीए ने साफ कर दिया है कि एक बार बैंक डिटेल्स सबमिट होने के बाद उनमें कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा. यानी छात्रों को जानकारी भरते समय बेहद सावधानी बरतनी होगी. अगर गलत अकाउंट नंबर या IFSC कोड दर्ज हो गया, तो रिफंड प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. इसी वजह से एजेंसी ने छात्रों से सभी जानकारी दोबारा जांचने की सलाह दी है.
सबसे पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां ‘कैंडिडेट एक्टिविटी’ सेक्शन में जाकर ‘फी रिफंड विंडो’ पर क्लिक करना होगा. इसके बाद एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड और कैप्चा डालकर लॉगिन करना होगा. लॉगिन के बाद ‘बैंक डिटेल्स’ सेक्शन में जाकर अपनी बैंक जानकारी भरनी होगी. अगर छात्र चाहें तो कैंसिल्ड चेक की स्कैन कॉपी भी अपलोड कर सकते हैं. सभी जानकारी भरने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा, जिसके बाद रिफंड की राशि सीधे बैंक खाते में भेज दी जाएगी.
एनटीए ने अलग-अलग कैटेगरी के अनुसार रिफंड राशि तय की है-
जनरल कैटेगरी के छात्रों को 1700 रुपये वापस मिलेंगे.
ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1600 रुपये रिफंड किए जाएंगे.
एससी, एसटी और PwD उम्मीदवारों को 1000 रुपये वापस मिलेंगे.
एनटीए के मुताबिक, बड़ी संख्या में छात्रों ने साइबर कैफे और कॉमन सर्विस सेंटर के जरिए आवेदन किया था. ऐसे मामलों में फीस उसी खाते से जमा हुई थी, जो साइबर कैफे या किसी अन्य व्यक्ति का हो सकता है. अगर सीधे उसी खाते में रिफंड भेजा जाता, तो कई छात्रों को परेशानी हो सकती थी. इसी वजह से छात्रों को नया बैंक अकाउंट अपडेट करने का विकल्प दिया गया है ताकि पैसा सही व्यक्ति तक पहुंच सके.
एनटीए ने यह भी साफ किया है कि नीट यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में होगी. लाखों छात्र अब री-एग्जाम की तैयारी में जुट गए हैं, जबकि फीस रिफंड प्रक्रिया शुरू होने से उन्हें कुछ राहत जरूर मिली है.