दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी सेंध का मामला सामने आया है. सोमवार दोपहर करीब 2 बजे उत्तर प्रदेश रजिस्ट्रेशन वाली एक टाटा सिएरा कार ने लोहे के बैरिकेड तोड़ते हुए विधानसभा परिसर में घुसपैठ कर ली. ड्राइवर ने अंदर करीब पांच मिनट बिताए, स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के दफ्तर के पास एक गुलदस्ता रखा और फिर गेट नंबर 2 से निकलकर फरार हो गया. यह घटना दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है. अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या सबक लेता है और भविष्य में ऐसी सेंध को रोकने के लिए क्या कदम उठाता है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सफेद रंग की यह कार तेज रफ्तार में आई और सीधे बैरिकेड से टकराते हुए अंदर घुस गई. एक चश्मदीद ने बताया, *"हम ऊपर ग्रिप एरिया के पास खड़े थे. अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज आई। देखा तो एक सफेद कार अंदर आ चुकी थी." एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, "कार ने पहले गेट तोड़ा, फिर पीछे हटी और दोबारा गेट तोड़कर अंदर घुसी। इसके बाद वह तेजी से अंदर की ओर बढ़ गई."
ड्राइवर परिसर के अंदर बने बरामदे में एक गुलदस्ता रखकर गया. अधिकारियों ने बाद में इस गुलदस्ते की जांच की, लेकिन उसमें कोई संदिग्ध या खतरनाक चीज नहीं मिली. हालांकि, यह सवाल बरकरार है कि आखिर यह शख्स इतनी आसानी से अति-सुरक्षित विधानसभा परिसर में कैसे घुस गया.
यह घटना उस समय हुई जब परिसर की सुरक्षा CRPF जवानों के हाथों में थी. VIP गेट नंबर 2 से यह कार अंदर घुसी और पांच मिनट तक वहां रुकी रही, लेकिन किसी सुरक्षाकर्मी ने इसे रोकने की कोशिश नहीं की. यह सवाल उठना लाजमी है कि आखिर सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच यह सेंध कैसे संभव हुई.
पुलिस ने आरोपी ड्राइवर की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में की है. उसे दिल्ली के रूप नगर इलाके के पास से गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे इस घटना में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है.
अधिकारियों ने बताया कि कार को जब्त कर लिया गया है और ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि उसने ऐसा क्यों किया और वह परिसर के अंदर पांच मिनट तक क्या करता रहा. सुरक्षा एजेंसियां अब एंट्री पॉइंट्स की समीक्षा कर रही हैं और घटना के दौरान मौजूद विधानसभा कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है.