राहुल गांधी के साथ मिलकर भाजपा को हराने का प्लान, कांग्रेस नेता ने कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक को गठबंधन करने का दिया सुझाव

कांग्रेस नेता उदित राज ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को सुझाव दिया है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के साथ गठबंधन करें, ताकि भाजपा सरकार को हराया जा सके.

Date Updated Last Updated : 26 May 2026, 12:41 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: insta @cockroachesjantaparty_hp

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब मुख्यधारा की राजनीति में भी दिलचस्पी पैदा कर रही है. कांग्रेस पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने खुलकर इसका समर्थन जताया है और इसके संस्थापक अभिजीत दीपके को गठबंधन का सुझाव दिया है.

उदित राज का बड़ा सुझाव

कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद उदित राज ने अभिजीत दीपके को सलाह दी है कि कॉकरोच जनता पार्टी को अकेले आगे नहीं बढ़ना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ जनता का गुस्सा दिखाने वाली यह पार्टी लंबे समय तक टिकने के लिए बड़े राजनीतिक दलों के साथ जुड़नी चाहिए. उदित राज का मानना है कि इस आंदोलन की ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए कांग्रेस और राहुल गांधी का साथ जरूरी है.

राहुल गांधी को सौंप दें नेतृत्व

उदित राज ने स्पष्ट रूप से लिखा कि केवल राहुल गांधी ही इस आंदोलन को संविधान बचाने की बड़ी लड़ाई में बदल सकते हैं. उन्होंने अभिजीत दीपके को याद दिलाया कि वे अंबेडकरवादी हैं और उन्हें समझना चाहिए कि भाजपा-आरएसएस को लोकतांत्रिक तरीके से हराने की असली ताकत किसके पास है. उदित राज की उम्मीद है कि कॉकरोच जनता पार्टी और राहुल गांधी का गठबंधन मिलकर केंद्र की भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर सकता है.

TMC ने भी दिया समर्थन

कांग्रेस से पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भी कॉकरोच जनता पार्टी को अपना समर्थन घोषित किया है. TMC के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने कहा कि पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने इस ऑनलाइन मुहिम को पूरा साथ देने का फैसला किया है. उन्होंने कहा कि TMC अच्छी लड़ाई लड़ने पर जोर दे रही है.

कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत

अमेरिका के बोस्टन में रह रहे अभिजीत दीपके द्वारा शुरू की गई कॉकरोच जनता पार्टी 16 मई को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. यह प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की विवादित टिप्पणी के बाद शुरू हुई, जिसमें बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की गई थी. पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट और वेबसाइट को बाद में बंद कर दिया गया.

क्या बनेगी राजनीतिक ताकत?

अभी यह साफ नहीं है कि कॉकरोच जनता पार्टी भविष्य में कोई औपचारिक राजनीतिक पार्टी बनेगी या नहीं, लेकिन कांग्रेस और TMC जैसे दलों का समर्थन मिलने से इस मुहिम की चर्चा बढ़ गई है. राजनीतिक जानकार मानते हैं कि सोशल मीडिया से शुरू हुआ यह गुस्सा अगर सही नेतृत्व मिला तो बड़ा आंदोलन बन सकता है.

.

सम्बंधित खबर