'भारत कुछ नहीं भूलता' ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर वायुसेना ने जारी किया वीडियो

ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर भारतीय वायुसेना ने एक दमदार वीडियो जारी किया है, जिसमें आतंकवाद के खिलाफ भारत की कार्रवाई और सख्त संदेश को फिर से सामने रखा गया है.

Date Updated Last Updated : 07 May 2026, 09:30 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: X (@IAF_MCC)

नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना ने आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर एक विशेष वीडियो जारी किया है. इस वीडियो में भारतीय सेना की रणनीति, कार्रवाई और आतंकवाद के खिलाफ भारत के सख्त रुख को दिखाया गया है. वीडियो के साथ वायुसेना ने लिखा, "भारत कुछ नहीं भूलता, भारत कुछ भी माफ नहीं करता."

करीब 1 मिनट 28 सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रात 1 बजकर 5 मिनट पर साझा किया गया. यही वह समय था जब पिछले वर्ष 6 और 7 मई की रात भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था.

25 मिनट तक चला था बड़ा एयर स्ट्राइक अभियान

'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था. करीब 25 मिनट तक चले इस अभियान में 100 से अधिक आतंकियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई थी.

इस सैन्य कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिज्बुल मुजाहिद्दीन जैसे आतंकी संगठनों के ठिकानों को तबाह किया गया था. इस ऑपरेशन में जैश सरगना मसूद अजहर के 10 रिश्तेदारों की मौत भी हुई थी.

वीडियो में दिखी सेना की तैयारी और कार्रवाई

वायुसेना द्वारा जारी वीडियो की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान से होती है, जिसमें उन्होंने आतंकवाद और उसके समर्थकों को कड़ी चेतावनी दी थी.

वीडियो में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की तैयारी, रणनीतिक योजना और पाकिस्तान में आतंकी अड्डों पर की गई कार्रवाई को विस्तार से दिखाया गया है. इसके साथ ही पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर हुए नुकसान की झलकियां भी वीडियो में शामिल की गई हैं.

Operation Sindoor
Justice served.
Precise in action, eternal in memory—Operation Sindoor continues.
India forgets nothing-India forgives nothing.#operation #Sindoor #operationsindoor #IAF @PMOIndia@rajnathsingh@DefenceMinIndia@SpokespersonMoD@HQ_IDS_India@adgpipic.twitter.com/GWvnY9Udjl

— Indian Air Force (@IAF_MCC) May 6, 2026

पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई को भारत ने किया विफल

भारत की एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने जवाबी हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय सेना और एयर डिफेंस सिस्टम ने उसे पूरी तरह नाकाम कर दिया.

भारतीय सेना ने पलटवार करते हुए पाकिस्तान के कई एयरबेस और अहम सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. वहीं पाकिस्तान की ओर से दागी गई मिसाइलों को भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही मार गिराया.

लगातार चार दिनों तक दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. आखिरकार भारी नुकसान के बाद पाकिस्तान ने सीजफायर की मांग की, जिसके बाद 10 मई को संघर्षविराम लागू हुआ.

पहलगाम हमले के बाद लिया गया था बड़ा फैसला

22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला कर 26 लोगों की हत्या कर दी थी. इस हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था.

हमले के दौरान आतंकियों ने लोगों से धर्म पूछकर गोलीबारी की थी. कई महिलाओं के सामने उनके पतियों की हत्या कर दी गई थी. इसी दर्दनाक घटना के बाद आतंकवादियों को जवाब देने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए भारतीय सेना ने इस मिशन को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया था.

सम्बंधित खबर