रांची: झारखंड के चतरा जिले से सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने सबको दहलाकर रख दिया. सिमरिया क्षेत्र के घने जंगलों में एक एयर एम्बुलेंस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस विमान हादसे में सवार करीब सात लोगों की जान जा चली गई. बता दें यह विमान रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था. रिपोर्ट के अनुसार इसमें एक गंभीर रूप से घायल मरीज को बेहतर इलाज के लिए रांची से दिल्ली ले जाया जा रहा था.
राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित बीचक्राफ्ट सी90 विमान शाम 7:11 बजे रांची हवाई अड्डे से उड़ा था. करीब 20 मिनट बाद इसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया. बाद में पता चला कि सिमरिया के बरियातू पंचायत क्षेत्र में यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. बाद में सभी शव बरामद कर लिए गए हैं.
अब हादसे के बाद मृतकों की पहचान हो चुकी है. प्रशासन ने पुष्टि की कि हादसे में दो पायलट समेत सात लोगों की मौत हुई. मृतकों में कैप्टन विवेक विकास भगत, कैप्टन सवराजदीप सिंह, संजय कुमार, डॉ. विकास कुमार गुप्ता, सचिन कुमार मिश्रा, अर्चना देवी और धुरु कुमार शामिल हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी शव घटनास्थल से बरामद कर लिए गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, 41 वर्षीय संजय कुमार को 65 प्रतिशत जलने के कारण रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालांकि डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताते हुए सड़क मार्ग से दिल्ली ले जाने से मना कर दिया था. परिवार ने बताया कि सड़क यात्रा के दौरान जान का खतरा था, इसलिए मरीज को एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई.
दुर्घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के समय क्षेत्र में तेज बारिश, आंधी और बिजली कड़क रही थी. रांची हवाई अड्डे के निदेशक ने भी खराब मौसम को इस दुर्घटना का एक संभावित कारण बताया है, लेकिन सटीक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने भी पुष्टि की है कि रांची से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान का संचार और रडार संपर्क टूट गया था. फिलहाल दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है.