नई दिल्ली: कुछ दिनों पहले बांग्लादेश में आम चुनाव हुए जिसमें बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष खालिदा जिया के वंशज तारिक रहमान ने शानदार जीत दर्ज की है. इन आम चुनावों में अपनी पार्टी को शानदार जीत दिलाने के बाद तारिक रहमान मंगलवार को बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे.
एक लंबे समय से चली आ रही परंपरा को तोड़ते हुए, 60 वर्षीय रहमान का शपथ ग्रहण समारोह बंगभवन के बजाय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा.
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन मंगलवार दोपहर को जातीय संसद के साउथ प्लाजा में नए मंत्रिमंडल सदस्यों को शपथ दिलाएंगे.
संसद सचिवालय में कल शाम 4:00 बजे नए मंत्रिमंडल सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा. इससे पहले, संसद सदस्यृ सुबह 10:00 बजे जातीय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में शपथ लेंगे. बीएसएस ने जातीय संसद सचिवालय की सचिव कनीज मौला के हवाले से यह जानकारी दी.
आपकी जानकारीक लिए बता दें कि बीएनपी ने संसदीय दल के नेता का चुनाव करने के लिए सुबह 11:30 बजे संसद भवन में संसदीय दल की बैठक बुलाई है.
बीएनपी की स्थायी समिति के सदस्य सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि, 'बहुमत वाली पार्टी के नेता के रूप में हमारे पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान प्रधानमंत्री होंगे.'
बता दें कुछ सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, तारिक रहमान के बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. हालांकि अब खबर आ रही है कि विदेश सचिव विक्रम मिसरी और लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह इस शपथ ग्रहण में शामिल हो सकते हैं.
वहीं इसके अलावा मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, तुर्की के अवर सचिव बेरिस एकिन्सी और श्रीलंका के स्वास्थ्य और जनसंचार मंत्री डॉ. नलिंदा जयतिस्सा रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वालों में शामिल होंगे.
बांग्लादेश में चल रही हिंसा और अराजकता के बीच 12 फरवरी 13 वां संसदीय चुनाव आयोजित किया गया. जिसमें बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी ने बंपर जीत दर्ज की. बता दें हसीना की अवामी लीग पार्टी को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था, जिसमें 59.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.