गुवाहाटी: IPL 2026 में मंगलवार का मुकाबला फैंस के लिए काफी खास था क्योंकि ये मैच केवल मैच नहीं बल्कि उभरती प्रतिभा और अनुभव के बीच रोमांचक टकराव बन गया. इस मैच में आरआर के सबसे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने बेखौफ अंदाज से सबको हैरानी में डाल दिया था. 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में गिने जाने वाले जसप्रीत बुमराह के खिलाफ जिस बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी की, उसने सभी को हैरान कर दिया.
खास तौर पर एक ही ओवर में दो छक्के लगाकर उन्होंने अपने इरादे साफ कर दिए कि वो अब बड़े मंच के लिए तैयार हैं. बारिश से प्रभावित इस मुकाबले को 11-11 ओवर का कर दिया गया था, जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 150 रन बनाए. जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 123/9 तक ही पहुंच सकी और उसे 27 रनों से हार का सामना करना पड़ा.
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ फियरलेस बल्लेबाजी करते हुए मात्र 14 गेंदों में 39 रन की विस्फोटक पारी खेली. उनकी आक्रामक शुरुआत की बदौलत टीम ने सिर्फ 2.4 ओवर में ही 50 रन पूरे कर लिए थे.
उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास और आक्रामकता साफ झलक रही थी, जिसने मैच का रुख शुरुआती ओवरों में ही तय कर दिया. सूर्यवंशी ने मैच में छक्के जड़े , हालांकि ये उनके लिए नई बात नहीं है लेकिन उन्होंने बुमराह की पहली गेंद पर छक्का जड़कर सबको हैरत में डाल दिया. बता दें इस दौरान यशस्वी जायसवाल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाए.
मैच के बाद हार्दिक पांड्या ने सूर्यवंशी की खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि, '17 या 16 साल के लड़के को जिस तरह से खेलते देखना वाकई दिलचस्प था. साथ ही, मैच से पहले की तैयारियों के दौरान हमने उसके बारे में बहुत चर्चा की.'
उन्होंने आगे कहा कि इतनी कम उम्र में इस तरह का आत्मविश्वास और निडरता दिखाना बेहद खास है. यह मुकाबला साबित करता है कि आईपीएल जैसे मंच पर नई प्रतिभाएं न केवल उभर रही हैं, बल्कि बड़े खिलाड़ियों को चुनौती देने का दम भी रखती हैं.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही. रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन और सूर्यकुमार यादव जैसे बल्लेबाज क्रीज पर ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए और जल्दी आउट हो कर पवेलियन लौट गए, जिससे टीम शुरुआती दबाव से उबर नहीं सकी. पहले तीन ओवर में ही 3 विकेट गिरने से मैच पहले एमआई की पकड़ से बहुत दूर जा चुका था.